सूरत, 5 मार्च। भाजपा सांसद मुकेश दलाल ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर अमेरिका-इजरायल और ईरान संघर्ष के बीच मध्य पूर्व में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी का आग्रह किया। साथ ही, दावा किया कि भाजपा पश्चिम बंगाल और असम में सरकार बनाएगी।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में मुकेश दलाल ने कहा, "युद्ध के कारण मिडिल ईस्ट में बड़ी संख्या में भारतीय फंसे हुए हैं, जिनमें गुजराती भी शामिल हैं। मेरे पास अहमदाबाद, जामनगर, सूरत, पोरबंदर और दक्षिण गुजरात के लोगों द्वारा खाड़ी देशों में फंसे होने की सूचना मिली थी। इस सूचना को ईमेल के जरिए मैंने विदेश मंत्री जयशंकर को भेजा।"
मुकेश दलाल ने कहा, "ईमेल में उन्होंने विदेश मंत्री से अनुरोध किया था कि जहां-जहां लोग फंसे हुए हैं, वहां की एंबेसी से संपर्क कर भारतीयों को भारत वापस लाया जाए। दुबई सहित दो एंबेसी से जवाब आ गया है। जो लोग संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, जल्द ही उन्हें भारत भेजने की व्यवस्था की जाएगी। मेरे पास 40 लोगों के फंसे होने की सूचना आई थी। ये सभी लोग आबू धाबी, शारजहां और दुबई में फंसे हैं।"
मुकेश दलाल ने कहा, "युद्ध के कारण वित्तीय संकट पैदा होने वाला है। सूरत के डायमंड और टेक्सटाइल उद्योग पर थोड़ा असर पड़ेगा, लेकिन ये संभल जाएंगे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा की सरकार बनेगी। पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत से बनने जा रही है। पश्चिम बंगाल के लोग ममता दीदी को उखाड़कर बंगाल की खाड़ी में फेंकने का इंतजार कर रहे हैं।"
बता दें कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण खाड़ी देशों में नौकरी, पढ़ाई और व्यवसाय कर रहे भारतीय फंस गए हैं। इनके परिजन लगातार सरकार से सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगा रहे हैं। वहीं, केंद्र सरकार भी लगातार भारतीयों को वापस लाने का प्रयास कर रही है।