मुंबई, 4 मार्च। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा के लिए केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले के नाम की घोषणा की। इस बीच आठवले ने बुधवार को आईएएनएस से बातचीत करते हुए इस फैसले पर खुशी जताई। उन्होंने देशभर में अपने मंत्रालय के लिए और भी कार्य करने की इच्छा जताई।
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा, "मैंने सीएम देवेंद्र फडणवीस को ब्रीफ किया था कि मुझे दिल्ली में रहना और राज्यसभा मिलना कितना आवश्यक है। इन सभी का परिणाम यह हुआ कि सीएम देवेंद्र फडणवीस के और भी ज्यादा प्रयत्न से मुझे राज्यसभा मिली है। मैं पूरे देश में काम करता रहूंगा। राज्यसभा में मैं अनेकों सवाल के साथ अपनी भूमिका रखता रहूंगा। जो भी मेरा मंत्रालय है, उसके और भी काम करता रहूंगा।"
उन्होंने कहा, "जो पहले चर्चा हुई थी, उसके बाद मुझे पूरा विश्वास था कि राज्यसभा के लिए मेरा नाम भेजा जाएगा। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मुझे आश्वासन दिया था कि वे राज्यसभा के लिए मेरे नाम का प्रयत्न करेंगे। बीच में कुछ ऐसी चर्चा थी कि मुझे राज्यसभा नहीं मिल सकती है। वहीं, यह विषय भी आया था कि भाजपा की तरफ से राज्यसभा की सीट जिसे भी देते हैं, उसे सिर्फ दो बार मौका दिया जाता है। यही कारण है कि मेरे नाम के बारे में ऐसी चर्चाएं चल रही थीं कि मेरा दो बार राज्यसभा का कार्यकाल पूरा हो चुका है, इसलिए मेरा इस बार पत्ता कट हो सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।"
आठवले ने बताया, "मैंने कहा कि पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं और वो चौथी बार प्रधानमंत्री बनेंगे तो भी मैं राज्यसभा में जाऊंगा। मैंने लोगों के सामने बहुत बार कहा है। पीएम मोदी का सबका साथ, सबका विकास का एजेंडा है। उनकी भूमिका सभी वर्गों के लिए काम करने की है। मुझे देशभर में एक बार फिर से काम करने का मौका मिला है, जिसे मैं बहुत अच्छे से करता रहूंगा।"
बता दें कि भाजपा ने महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम की लिस्ट जारी की है, जिसमें राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, माया चिंतामण ईवनाते और रामराव कुडकुते के नाम शामिल हैं।