एक्स का बड़ा फैसला: AI से बने युद्ध वीडियो पर सख्त कार्रवाई, फैलाया भ्रम तो अकाउंट होगा बैन

एक्स ने एआई से बने युद्ध के वीडियो पर शुरू की कार्रवाई, अकाउंट पर प्रतिबंध लगाने की चेतावनी


नई दिल्ली, 4 मार्च। एलॉन मस्क के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने अपने क्रिएटर रेवेन्यू शेयरिंग प्रोग्राम में बड़े बदलावों की घोषणा की है। कंपनी ने कहा कि वह खासकर युद्ध जैसे संवेदनशील समय में एआई से बने भ्रामक वीडियो पर सख्ती करेगी।

यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब यूनाइटेड स्टेट, इजरायल और ईरान के बीच तनाव को लेकर गलत जानकारी फैलने की चिंताएं बढ़ रही हैं।

एक पोस्ट में एक्स के प्रोडक्ट हेड निकिता बियर ने कहा कि कंपनी अपनी नीतियों में बदलाव कर रही है ताकि युद्ध के समय सही और भरोसेमंद जानकारी लोगों तक पहुंचती रहे। उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल के कारण अब असली जैसे दिखने वाले फर्जी वीडियो बनाना बहुत आसान हो गया है, जो लोगों को गुमराह कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि हाल ही में पाकिस्तान में एक व्यक्ति 31 अकाउंट चला रहा था, जो एआई से बने युद्ध के वीडियो पोस्ट कर रहा था। ये सभी अकाउंट हैक किए गए थे और उनके नाम बदल दिए गए थे।

अगर नई नीति के तहत कोई यूजर बिना साफ जानकारी दिए एआई से बने युद्ध के वीडियो पोस्ट करता है तो उसे 90 दिनों के लिए रेवेन्यू शेयरिंग प्रोग्राम से निलंबित कर दिया जाएगा। बार-बार नियम तोड़ने पर स्थायी रूप से प्रोग्राम से बाहर किया जा सकता है।

कंपनी ने “मेड विथ एआई” नाम का एक लेबल भी शुरू किया है, जो ऐसे पोस्ट पर दिखाई देगा जिनमें एआई से बना कंटेंट शामिल होगा। इससे लोगों को पता चल सकेगा कि सामग्री असली नहीं है।

कंपनी को उम्मीद है कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और गलत जानकारी फैलने से रोका जा सकेगा।

हाल ही में अली खामेनेई की कथित मौत की खबरों के बाद वैश्विक तनाव और बढ़ गया है। इन घटनाओं के बीच एलन मस्क और निकिता बियर ने कहा कि एक्स पर ट्रैफिक अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है, क्योंकि लोग ताजा जानकारी के लिए प्लेटफॉर्म का ज्यादा उपयोग कर रहे हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,910
Messages
12,947
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top