कर्नाटक सरकार की बड़ी पहल: मध्य पूर्व से कन्नड़ लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करेंगे, गृहमंत्री का भरोसा

मध्य पूर्व से कन्नड़ लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए कर्नाटक सरकार सक्रिय, गृहमंत्री ने दिया आश्वासन


बैंगलोर, 4 मार्च। कर्नाटक के गृहमंत्री जी परमेश्वर ने मध्य पूर्व देशों में रह रहे कर्नाटक के लोगों की सुरक्षा को लेकर अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व देशों में कन्नड़ समुदाय की बड़ी संख्या रहती है और हालात को लेकर राज्य सरकार लगातार नजर बनाए हुए है।

कर्नाटक के गृहमंत्री जी परमेश्वर ने बताया कि विदेशों में फंसे कई लोग पहले ही सुरक्षित भारत वापस आ चुके हैं। जो लोग अभी तक नहीं आए है उनके लिए मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव ने इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखा है और राज्य सरकार सभी को सुरक्षित वापस लाने की हर संभव कोशिश कर रही है।

बैंगलोर में सड़कों पर हुए विरोध-प्रदर्शनों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि बिना वजह केस दर्ज किए जाने की बात सही नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर किसी ने बिना अनुमति प्रदर्शन किया है या नियमों का उल्लंघन किया है, तभी कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध का अधिकार है, लेकिन कानून का पालन भी जरूरी है।

सरकारी एजेंसियों में भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के आरोपों पर कर्नाटक के गृहमंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि यदि कोई शिकायत सामने आती है तो उसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।

आईपीएल मैचों को लेकर उन्होंने कहा कि आयोजकों ने कुन्हा कमेटी की सिफारिशों का 50 प्रतिशत से अधिक पालन कर लिया है, जिसके बाद मैचों की अनुमति दी गई है। यदि सभी दिशा-निर्देशों का सही तरीके से पालन किया जाता है तो सरकार को कोई आपत्ति नहीं है।

वहीं, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार के छह साल पूरे होने पर आयोजित डिनर पार्टी पर उन्होंने उन्हें बधाई दी और कहा कि पार्टी में सहयोग और एकजुटता जरूरी है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह एकजुट है और जनता को बेहतर शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,783
Messages
12,820
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top