मीम्स वाली 'वेलकम' पेंटिंग का राज! अनिल कपूर ने अक्षय के शो में बताया मजनू भाई की कला का अर्थ

अक्षय कुमार के शो में अनिल कपूर का खुलासा, बताया- 'वेलकम' की पेंटिंग में छिपा है गहरा मैसेज


मुंबई, 4 मार्च। हिंदी सिनेमा की क्लासिक कॉमेडी फिल्म 'वेलकम' में मजनू भाई (अनिल कपूर) द्वारा बनाई गई पेंटिंग आज भी सोशल मीडिया पर मीम्स के रूप में बेहद लोकप्रिय है। हालांकि, हंसी-मजाक से इतर इस पेंटिंग के पीछे एक गहरा दर्शन (फिलॉसफी) छिपा है, जिसका खुलासा खुद अनिल कपूर ने किया है।

दरअसल, हाल ही में अनिल कपूर अक्षय कुमार के होस्ट किए गए शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' के होली स्पेशल एपिसोड में आए थे। शो के दौरान एक दर्शक ने बताया कि वह अनिल कपूर और अक्षय कुमार का बड़ा फैन है, खासकर दोनों की फिल्म 'वेलकम' का। उसने फिल्म की आइकॉनिक पेंटिंग, जिसमें एक गधा घोड़े पर सवार दिखता है, के पीछे की कहानी के बारे में पूछा।

अनिल ने बताया कि ओरिजिनल पेंटिंग अभी भी उनके पास है। उन्होंने कहा, "लोग इस पेंटिंग पर मीम्स बनाते रहते हैं, मजाक उड़ाते हैं और सोचते हैं कि कैसी अजीब पेंटिंग है। लेकिन इसके पीछे एक गहराई है, एक कहानी है और एक सीरियसनेस है।"

इसके बाद दर्शक ने बताया कि इस पेंटिंग वाली टी-शर्ट्स भी बाजार में आ रही हैं, तो अभिनेत्री राधिका ने कहा कि उनके पास भी एक टी-शर्ट है। अनिल ने मजाक में कहा कि वे इन टी-शर्ट्स से रॉयल्टी के पैसे कमाते हैं, जिस पर अक्षय कुमार हंसते-हंसते लोट-पोट हो गए।

अनिल ने आगे इसकी फिलॉसफी समझाते हुए कहा, "पेंटिंग में घोड़ा और गधा हैं। घोड़ा एक्टिवनेस, मेहनत और लगन का प्रतीक है, जबकि गधा इसका उल्टा यानी आलस्य या कम मेहनत वाला। घोड़ा सारी मेहनत करता है, लेकिन क्रेडिट अक्सर गधा ले लेता है। यह बॉस-एम्प्लॉयी रिश्ते की तरह है, जहां मेहनत करने वाला कम पाता है और ऊपर वाला फायदा उठाता है।"

अनिल ने ऑडियंस से पूछा, "आप खुद को घोड़ा मानते हैं या गधा?"

'वेलकम' के बारे में बात करते हुए अनिल ने कहा, "सबसे पहले अक्षय साहब के साथ मैंने 'वेलकम 1' की थी। 'वेलकम 2' में वे नहीं थे। 'वेलकम 3' में मुझे निकाल दिया गया। अब 'वेलकम 4' में हम फिर साथ करेंगे।"

अनीस बाज्मी द्वारा निर्देशित कॉमेडी ड्रामा फिल्म वेलकम में मजनू भाई का किरदार अनिल कपूर ने बेहतरीन तरीके से निभाया था, जो आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है। वहीं, उनकी पेंटिंग इस किरदार को और मजेदार बनाती है। आज भी यह मीम कल्चर का हिस्सा बनी हुई है और बॉलीवुड की यादगार चीजों में शुमार है।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,059
Messages
13,096
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top