गौतमबुद्धनगर: होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं! ड्रोन की 'तीसरी आंख' और पीएसी की सख्त निगरानी

होली पर हुड़दंगियों पर ड्रोन से नजर, संवेदनशील इलाकों में पीएसी तैनात


गौतमबुद्धनगर, 4 मार्च। होली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

हुड़दंगियों और उपद्रवियों पर कड़ी नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है, वहीं प्रमुख चौराहों, बाजारों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल और यातायात कर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में पीएसी की अतिरिक्त बटालियन भी लगाई गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

इसी क्रम में बीते 3 मार्च 2026 को लक्ष्मी सिंह, पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर, ने अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ग्रेटर नोएडा जोन के थाना दादरी और जारचा क्षेत्र तथा सेंट्रल नोएडा जोन के थाना बादलपुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया था।

उन्होंने भीड़-भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। साथ ही थाना कार्यालय में संभ्रांत एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक कर सुझाव भी लिए थे। निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए कि सभी ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इसके अलावा प्रभावी गश्त, पीआरवी वाहनों द्वारा नियमित पेट्रोलिंग तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए थे। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कमिश्नर ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे होली का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और त्योहार के दौरान शांति बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए गए हैं।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,157
Messages
15,194
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top