बिहार: गोपालगंज में घोघरी नदी पर निर्माणाधीन पुल ढलाई के दौरान भरभराकर गिरा, 3 इंजीनियरों पर गिरी गाज

बिहार: गोपालगंज में घोघरी नदी पर निर्माणाधीन पुल गिरा, तीन अभियंता निलंबित


पटना, 2 मार्च। बिहार के गोपालगंज के सिधवलिया प्रखंड के बखरौल कुर्मी टोला पथ पर घोघरी नदी के ऊपर निर्माणाधीन आरसीसी पुल की ढलाई के दौरान एक स्पैन के क्षतिग्रस्त होने के मामले में ग्रामीण कार्य विभाग के तीन अभियंताओं पर गाज गिरी है।

विभाग ने तीन अभियंताओं को निलंबित कर दिया है। इस मामले में विभाग ने गोपालगंज कार्य प्रमंडल-2 के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता को कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जबकि इस पुल के निर्माण कार्य में लगे संवेदक बापूधाम कंस्ट्रक्शन, मोतिहारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

बता दें कि घोघरी नदी पर बन रहे इस आरसीसी पुल का एल-041 से लेकर एल-039 का एक हिस्सा ढलाई के दौरान ही गिर गया। हालांकि इस दुर्घटना में किसी भी तरह की जानमाल की हानि की सूचना नहीं है। ग्रामीण कार्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, विभाग की ओर से मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, नोडल पदाधिकारी के साथ विभाग के वरीय पुल सलाहकार को पुल की ढलाई के दौरान क्षतिग्रस्त होने की घटना की जांच के लिए घटनास्थल पर भेजा गया है।

विभाग के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सभी कार्यपालक अभियंताओं को पुल के निर्माण के पूर्व वरीय पुल सलाहकार से डीपीआर जांच करवाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन संबंधित अभियंता एवं संवेदक द्वारा विभाग के इस निर्देश का पालन नहीं किया गया और पुल की ढलाई के दौरान ही यह हादसा हो गया।

उल्लेखनीय है कि गोपालगंज के सिधवलिया प्रखंड के बखरौल कुर्मी टोला में घोघरी नदी पर निर्माणाधीन आरसीसी पुल का निर्माण कार्य पिछले वर्ष सात मार्च को शुरू किया गया था और इस पुल का निर्माण आगामी छह मार्च तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। विभाग द्वारा 28 फरवरी की समीक्षा बैठक में भी सभी कार्य प्रमंडलों को अपने पुल कार्यों के डीपीआर की समीक्षा पुल सलाहकार से कराने का निर्देश दोहराया गया है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,267
Messages
12,304
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top