F1 ऑस्ट्रेलियन ग्रैंड प्रिक्स: यात्रा संकट के बावजूद तय हुई रेस! शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं, फैंस को राहत

एफ1: यात्रा में बाधाओं के बावजूद ऑस्ट्रेलियन ग्रैंड प्रिक्स के शेड्यूल में नहीं होगा कोई बदलाव


मेलबर्न, 2 मार्च। फॉर्मूला 1 ऑस्ट्रेलियन ग्रैंड प्रिक्स के आयोजकों ने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी लड़ाई की वजह से यात्रा में रुकावट के बावजूद सीजन की ओपनिंग रेस रविवार को प्लान के मुताबिक होगी। उन्होंने कहा कि शेड्यूल में किसी तरह का कोई भी बदलाव नहीं किया जाएगा।

मेलबर्न में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑस्ट्रेलियन ग्रैंड प्रिक्स कॉर्पोरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ट्रैविस औल्ड ने कहा कि अधिकारियों, टीम सदस्यों और ड्राइवरों की यात्रा योजनाओं में बदलाव जरूर हुआ है, लेकिन सभी समय पर मेलबर्न पहुंच जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दर्शकों को आयोजन में किसी तरह का अंतर महसूस नहीं होगा।

औल्ड ने कहा, "हर कोई यहां रेस के लिए तैयार रहेगा, और फैंस को कोई फर्क महसूस नहीं होगा। कुछ ड्राइवर और टीम सदस्य पहले से ही ऑस्ट्रेलिया में हैं, लेकिन यूके और यूरोप में कई ऐसे लोग हैं जिन्हें यहां आने की जरूरत है, इसलिए उन्हें यहां पहुंचने के लिए कोई दूसरा रास्ता ढूंढना पड़ा है।"

मध्य पूर्व में अमेरिका-इजरायल हमलों और ईरान से जुड़े तनाव के कारण कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इससे यूरोप और ब्रिटेन से आने वाली टीमों को वैकल्पिक मार्ग तलाशने पड़ रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार करीब 2,000 एफ1 कर्मियों को अपनी यात्रा योजनाएं बदलनी पड़ीं, जबकि लगभग 500 स्टाफ सदस्यों को विशेष चार्टर्ड उड़ानों के जरिए ऑस्ट्रेलिया लाया जा रहा है।

इस बीच, एफ1 के आधिकारिक टायर सप्लायर पिरेली ने सुरक्षा कारणों से बहरीन में प्रस्तावित परीक्षण सत्र रद्द कर दिया है। फॉर्मूला 1 प्रबंधन ने कहा है कि वह अप्रैल में प्रस्तावित बहरीन और सऊदी अरब ग्रां प्री से पहले क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

रेस वीकेंड की शुरुआत शुक्रवार को मेलबर्न के अल्बर्ट पार्क सर्किट में अभ्यास सत्रों के साथ होगी। शनिवार को क्वालिफाइंग और रविवार को मुख्य रेस आयोजित की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि सभी टीमें और ड्राइवर समय पर पहुंचकर सत्रों में भाग लेंगे और सीजन की शुरुआत तय कार्यक्रम के मुताबिक होगी।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,328
Messages
12,365
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top