ओडिशा सरकार का बड़ा फैसला: गर्मी से बचाने छात्रों के लिए बदलेगा शेड्यूल, सुबह होंगी कक्षाएं और परीक्षाएं

सरकार ने उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए गर्मी से निपटने की तैयारी संबंधी दिशानिर्देश जारी किए


भुवनेश्वर, 2 मार्च। ओडिशा उच्च शिक्षा विभाग ने गर्मी की तैयारियों के तहत राज्य भर के सभी उच्च शिक्षा संस्थानों (एचईआई) के लिए लू से बचाव के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है। सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में विभाग ने इसकी जानकारी दी।

आधिकारिक बयान के अनुसार, यह निर्देश लू की स्थिति से निपटने और छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण की सुरक्षा के लिए तैयारियों और एहतियाती उपायों को सुनिश्चित करने के लिए जारी किया गया है। विभाग ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के माध्यम से कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को सलाह दी है कि वे छात्रों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए, जहां तक संभव हो, कक्षाएं, आंतरिक मूल्यांकन और परीक्षाएं सुबह के समय आयोजित करें या समय बदलें।

विभाग ने निर्देश दिया है कि दोपहर के समय में बाहरी शैक्षणिक, खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया जाए। जो अनिवार्य हो, ऐसी गतिविधियां पर्याप्त सुरक्षा उपायों के साथ और दिन के अपेक्षाकृत ठंडे समय में आयोजित की जानी चाहिए।

इसके अतिरिक्त, सभी संस्थानों को परिसर के भीतर कई स्थानों पर स्वच्छ और पीने योग्य पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। कक्षाओं, छात्रावासों, सार्वजनिक क्षेत्रों और परीक्षा केंद्रों में ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्ट (ओआरएस) का पर्याप्त भंडार बनाए रखने और उसे आसानी से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) में गर्मियों के दौरान जल आपूर्ति में व्यवधान को रोकने के लिए ट्यूबवेल, हैंडपंप और पेयजल सुविधाओं के निरीक्षण और मरम्मत को भी अनिवार्य किया गया है। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे गर्मी से संबंधित असुविधा, निर्जलीकरण, चक्कर आना और अन्य चिकित्सा आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं तैयार रखें। बयान में कहा गया है कि ऐसी स्थितियों में तत्काल सहायता देने करने के लिए जिम्मेदार कर्मियों की पहचान की जानी चाहिए।

संस्थानों के प्रमुखों से छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को लू से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक करने के लिए कहा गया है, जिसमें पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, गर्मी से थकावट के शुरुआती लक्षणों को पहचानना और अत्यधिक गर्मी की स्थिति में क्या करें और क्या न करें शामिल हैं। बयान में कहा गया है कि अभिभावकों/संरक्षकों को यह सुनिश्चित करने की सलाह दी जा सकती है कि छात्र कक्षाओं और परीक्षाओं में भाग लेते समय पीने का पानी साथ लेकर चलें।

इस संबंध में सभी राज्य सार्वजनिक और निजी विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी डिग्री कॉलेजों को भी पत्र जारी किया गया है, जिसमें सख्त अनुपालन की मांग की गई है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,225
Messages
12,262
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top