करण कुंद्रा ने तेजस्वी से रिश्ते पर बयां किया हाल-ए-दिल, बोले-पार्टनर सही हो तो भटकने की गुंजाइश नहीं रहती

करण कुंद्रा ने तेजस्वी से रिश्ते पर बयां किया हाल-ए-दिल, बोले-पार्टनर सही हो तो भटकने की गुंजाइश नहीं रहती


मुंबई, 2 मार्च। एक्टर करण कुंद्रा की जिंदगी में उनकी खास दोस्त तेजस्वी प्रकाश बेहद मायने रखती हैं। करण ने बताया कि तेजस्वी उन्हें हमेशा जमीन से जोड़े रखती हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें उनकी जगह भी दिखा देती हैं। तेजस्वी की वजह से रिश्ते में लॉजिक और दिल का बैलेंस है।

करण ने आईएएनएस के साथ अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात की। करण ने बताया कि तेजस्वी और उनका रिश्ता अब चार साल से ज्यादा पुराना हो चुका है और यह काफी मजबूत और समझदारी भरा है।

करण ने कहा, “हम दोनों के अपने-अपने लक्ष्य हैं। चार साल से ज्यादा साथ रहने के बाद हमें पता चल गया है कि कुछ काम वह बहुत अच्छे से करती हैं और कुछ मैं बेहतर करता हूं।”

उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “कभी-कभी मैं चीजों को लेकर थोड़ा ज्यादा भावुक हो जाता हूं, लेकिन तेजस्वी कहती हैं, ‘सुनो, यह काम मैं बेहतर कर सकती हूं।’ अगर मैं उन्हें न कहने की कोशिश करता हूं, तो वह बिना हिचकिचाए मुझे मेरी जगह दिखा देती हैं।

वह कहती हैं, ‘यह लॉजिक है,’ और मैं कहता हूं, ‘कभी-कभी दिल की बात भी होती है।’ उनकी राय बहुत पक्की होती है। हम इंसान हैं, कभी वह सही होती हैं और कभी मैं। खास बात है कि ज्यादातर बार तो वह ही सही होती हैं, लेकिन यही तो रिश्ते की असली खूबसूरती है।”

करण ने बताया कि जब जिंदगी में सही इंसान मिल जाता है, तो सब कुछ ठीक हो जाता है और कोई डिस्ट्रैक्शन नहीं रहता। उनका पूरा ध्यान बस उसी एक शख्स पर केंद्रित हो जाता है। उन्होंने बताया, “जैसे ही मेरा काम खत्म होता है और पैक-अप हो जाता है, मेरा मन बस यही सोचता रहता है – तेजा कहां है? मुझे वहां जाना चाहिए? बस उसी की तरफ खिंचाव महसूस होता है।”

एक्टर का मानना है कि सच्चा और खुशहाल रिश्ता मिलने पर इंसान की पूरी दुनिया वही एक पार्टनर बन जाता है। चाहे फिल्म इंडस्ट्री हो या कोई भी दूसरा क्षेत्र, जब आप सही इंसान के साथ होते हैं, तो बस उसी के साथ समय बिताने की चाहत रहती है। करण का मानना है कि पुराने जमाने वाला सच्चा प्यार आज भी वैसा ही है। जब सही पार्टनर मिल जाता है, तो बहकने या इधर-उधर ध्यान जाने की कोई वजह नहीं बचती, बल्कि उस इंसान की ओर और ज्यादा आकर्षण बढ़ता है। वह कहते हैं कि ऐसे रिश्ते में परेशानी नहीं, बल्कि सुकून और खुशी मिलती है।

करण और तेजस्वी को उनके फैंस प्यार से ‘तेजरन’ के नाम से बुलाते हैं। दोनों की पहली मुलाकात 2021 में रियलिटी शो ‘बिग बॉस 15’ में हुई थी। शो के अंदर उनके रिश्ते में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन बाहर आने के बाद यह और भी गहरा और मजबूत हो गया।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,113
Messages
12,150
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top