ईरान से संघर्ष के बाद अमेरिका का बड़ा कदम! बहरीन-कतर की यात्रा पर पुनर्विचार की एडवाइजरी जारी

ईरान से संघर्ष के बीच अमेरिका ने बहरीन और कतर के लिए जारी की नई ट्रैवल एडवाइजरी


वाशिंगटन, 2 मार्च। ईरान में सैन्य अभियानों के बाद अमेरिका ने बहरीन और कतर के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में सुरक्षा जोखिमों और संभावित व्यवधानों का हवाला देते हुए बहरीन और कतर के लिए अपनी ट्रैवल एडवाइजरी को लेवल 3 तक बढ़ाया है।

स्टेट डिपार्टमेंट ने कहा कि उसने 28 फरवरी को बहरीन के लिए अपनी ट्रैवल एडवाइजरी को अपडेट किया है, जिसमें सुरक्षा चिंताओं के कारण गैर-आपातकालीन अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को बहरीन छोड़ने की अनुमति दी गई है।

लेवल 2 से बढ़ाकर लेवल 3 की गई एडवाइजरी में कहा गया है, "आतंकवाद और सशस्त्र संघर्ष के कारण बहरीन की यात्रा पर पुनर्विचार करें।" इसमें आगे कहा गया है, "28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद से ईरान की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमलों का लगातार खतरा बना हुआ है और कमर्शियल उड़ानों में व्यवधान आ रहे हैं।"

विभाग ने यह भी चेतावनी दी कि आतंकवादी ग्रुप बहरीन में संभावित हमलों की साजिश रचते रह सकते हैं। आतंकवादी बिना किसी या बहुत कम चेतावनी के हमला कर सकते हैं।

इसी तरह, विदेश विभाग ने 1 मार्च को कतर की ट्रैवल एडवाइजरी को लेवल 1 से बढ़ाकर लेवल 3 कर दिया। नई एडवाइजरी में कहा गया है, "सशस्त्र संघर्ष के खतरे के कारण कतर की यात्रा पर पुनर्विचार करें।"

इसमें भी वही क्षेत्रीय घटनाक्रमों का हवाला दिया गया है और कहा गया है कि 28 फरवरी को अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद से ईरान की ओर से ड्रोन व मिसाइल हमलों का खतरा बना हुआ है और कमर्शियल उड़ानों में काफी रुकावटें आ रही हैं।

एडवाइजरी में आगे कहा गया है, "संघीय उड्डयन प्रशासन (एफएए) ने कतर समेत इस इलाके के लिए नोटिस टू एयरमेन (नोटाम) और विशेष संघीय विमानन विनियमन (एसएफएआर) जारी किया है। ऐसा इस इलाके में राजनीतिक और सैन्य तनाव से नागरिक उड्डयन को होने वाले जोखिम की वजह से है।"

एक दिन पहले, अमेरिकी विदेश विभाग ने वैश्विक चेतावनी भी जारी की थी। इसमें कहा गया, "ईरान में अमेरिकी सैन्य अभियानों की शुरुआत के बाद दुनियाभर में और खासतौर पर मिडिल ईस्ट में रह रहे अमेरिकी नागरिकों को अपने नजदीकी अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास की ओर से जारी सुरक्षा अलर्ट का पालन करना चाहिए।"

इसमें यह भी कहा गया कि यात्रियों को समय-समय पर एयरस्पेस बंद होने की वजह से यात्रा में दिक्कत हो सकती है। विदेश विभाग ने दुनियाभर में अमेरिकियों को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी है।

लेवल 3 की एडवाइजरी तब जारी की जाती है जब सेफ्टी और सिक्योरिटी के लिए गंभीर जोखिम मौजूद हों। यह लेवल 4 से एक स्तर नीचे है, जो सबसे उच्च चेतावनी है, जिसमें अमेरिकियों से यात्रा न करने की अपील की जाती है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
11,955
Messages
11,992
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top