टी20 वर्ल्ड कप: 16 बाउंड्री के साथ सैमसन का तूफान, वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में भारत

टी20 वर्ल्ड कप: 16 बाउंड्री के साथ सैमसन का तूफान, वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में भारत


कोलकाता, 1 मार्च। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। भारतीय टीम ने ईडन गार्डन्स के मैदान पर खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया। कैरेबियाई टीम से मिले 196 रनों के लक्ष्य को टीम इंडिया ने 19.2 ओवर में चेज कर लिया। यह भारतीय टीम का टी20 विश्व कप का सबसे बड़ा रन चेज भी है।

वेस्टइंडीज से मिले 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुए। ईशान किशन को भी जेसन होल्डर ने महज 10 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा। 41 रन पर 2 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही टीम इंडिया की पारी को संजू सैमसन ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े। सूर्या 16 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए।

हालांकि, संजू सैमसन ने एक छोर से अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। तिलक वर्मा अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 15 गेंदों में 27 रन बनाने के बाद जेसन होल्डर का शिकार बने। हार्दिक पांड्या ने 14 गेंदों में 17 रन बनाए। संजू एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 97 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस इनिंग में संजू ने 12 चौके और 4 छक्के लगाए। शिवम दुबे 8 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले टॉस गंवाने के बाद पहले बैटिंग करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 195 रन लगाए। टीम की तरफ से रोस्टन चेज ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 5 चौके और एक छक्के की मदद से 25 गेंदों में 40 रन बनाए। वहीं, अंत के ओवरों में रोवमैन पॉवेल ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में 34 रनों की नाबाद पारी खेली। जेसन होल्डर भी अच्छी लय में नजर आए और उन्होंने 22 गेंदों का सामना करते हुए 37 रनों की दमदार पारी खेली। होल्डर और पॉवेल ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 76 रनों की अटूट साझेदारी निभाई, जिसके बूते वेस्टइंडीज बड़ा टोटल खड़ा करने में सफल रही।

भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह सबसे सफल गेंदबाज रहे। बुमराह ने 4 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट निकाले। वहीं, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट चटकाया। भारत के खिलाफ मिली हार के साथ ही वेस्टइंडीज का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सफर समाप्त हो गया है।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,940
Messages
11,977
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top