पश्चिम बंगाल मतदाता सूची विवाद: आनंद दुबे का भाजपा पर तीखा हमला, बोले- षड्यंत्र छोड़ो, नीति-काम पर लड़ो चुनाव

पश्चिम बंगाल में नीति और काम के आधार पर चुनाव लड़े भाजपा : शिवसेना (यूबीटी) प्रवक्ता आनंद दुबे


मुंबई, 1 मार्च। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) शासित पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बवाल जारी है। इस बीच शिवसेना (यूबीटी) प्रवक्ता आनंद दुबे ने रविवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "एसआईआर के माध्यम से अगर भाजपा चुनाव आयोग को कठपुतली बनाकर लोगों का शोषण करना चाहती है और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को तकलीफ देना चाहती है, तो हम इसका निषेध करते हैं। सरकार एसआईआर के जरिए ऐसा ही दुस्साहस बिहार में करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन कोर्ट ने मामले को संज्ञान में लिया और विषय बदल गया। चुनाव होने में अभी करीब 2-4 महीने बचे हैं, ऐसे में अगर आप इस समय सारे षड्यंत्र करेंगे, तो लोग कैसे वोट कर पाएंगे?"

उन्होंने कहा, "आप एसआईआर के लिए समय भी नहीं देते हो और षड्यंत्र और भ्रष्टाचार करते हो। इसके बाद आप खुद को निर्मल बताते हो, तो इसे कौन मानेगा? भाजपा को पश्चिम बंगाल में नीति और काम के आधार पर चुनाव लड़ना चाहिए। आप केवल लोगों को गुमराह और भ्रमित करके चुनाव नहीं जीत सकते हैं। काठ की हांडी बार-बार चूल्हे पर नहीं चढ़ती है। मैं यही कहूंगा कि एसआईआर में धांधली नहीं होनी चाहिए और सुप्रीम कोर्ट की मॉनिटरिंग में इसकी जांच होनी चाहिए।"

आनंद दुबे ने मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को लेकर कहा, "खबर आ रही है कि ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत हो गई है। उनके परिवार के लोग भी मारे गए हैं। यह उनके देश का मामला है। किसी भी देश का जब दूसरे देश से युद्ध होता है, तो बहुत सी जानें जाती हैं। हमने अपने देश में पहले महाभारत देखा है, जिसमें कौरवों और पांडवों के बीच युद्ध हुआ था। ऐसे में अगर पूरी दुनिया में युद्ध होंगे, तो लोग मारे जाएंगे। युद्ध अंत नहीं है, बातचीत और संवाद अंत है। जिस प्रकार मौतों का सिलसिला शुरू हुआ, यह रुकेगा कि नहीं, यह समय बताएगा। हम चाहेंगे कि बैठकर इसका रास्ता निकले, जिसमें भारत बड़ी भूमिका निभाए।"

आनंद दुबे ने कहा, "जिस प्रकार ईरान और इजरायल का झगड़ा चल रहा है, सभी को पता था कि आज नहीं तो कल दोनों देशों के बीच युद्ध होगा। अब इसमें अमेरिका और मिडिल ईस्ट के कई देश भी आ गए हैं। खासतौर पर दुबई, जो सबसे सुरक्षित माना जाता है, उसे भी नहीं छोड़ा गया। पीएम मोदी इजरायल गए थे, उन्होंने वहां पर क्या और कैसे बात की, यह तो सरकार ही बताएगी। हमले की उन्हें जानकारी थी या नहीं, यह तो सरकार ही बताएगी। लेकिन हम यही चाहेंगे कि ये हमले रुकने चाहिए, जिसमें अमेरिका को बड़ी भूमिका निभानी चाहिए।"

उन्होंने कहा, "हमले से कुछ नहीं मिलने वाला है। आतंकवाद के खिलाफ सभी देशों को इकट्ठे आना चाहिए और आम जनमानस की हत्या नहीं होनी चाहिए। भारत हमेशा से दुनिया को दिशा देने वाला देश रहा है। भारत को युद्ध में लिप्त देशों को समझाना चाहिए।"
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,940
Messages
11,977
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top