टी20 वर्ल्ड कप: रोस्टन-पॉवेल की धमाकेदार पारियां, भारत को सेमीफाइनल के लिए 196 का लक्ष्य

टी20 वर्ल्ड कप: रोस्टन-पॉवेल की धमाकेदार पारियां, सेमीफाइनल के लिए भारत को 196 रनों का लक्ष्य


कोलकाता, 1 मार्च। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में रविवार को टीम इंडिया की भिड़ंत वेस्टइंडीज के साथ हो रही है। ईडन गार्डन्स के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 195 रन लगाए। भारत और वेस्टइंडीज में से जो भी इस मुकाबले में जीत दर्ज करेगा, वो सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत दमदार रही। कप्तान शाई होप और रोस्टन चेज ने मिलकर पहले विकेट के लिए 8.5 ओवर में 68 रन जोड़े। होप ने 33 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि चेज ने 25 गेंदों का सामना करते हुए 40 रनों की शानदार पारी खेली। शिमरोन हेटमायर ने आगाज तो अच्छा किया, लेकिन वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। हेटमायर 12 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए।

हालांकि, शेरफेन रदरफोर्ड बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 9 गेंदों में 14 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। रदरफोर्ड के पवेलियन लौटने के बाद रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए महज 35 गेंदों में 76 रनों की अहम साझेदारी निभाई। होल्डर ने 22 गेंदों का सामना करते हुए 37 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 2 चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं, पॉवेल ने महज 19 गेंदों में 178 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए नाबाद 34 रन बनाए।

गेंदबाजी में भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह सबसे सफल गेंदबाज रहे। बुमराह ने 4 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट चटकाया। भारतीय टीम ने इस निर्णायक मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, वेस्टइंडीज ने एक बदलाव करते हुए ब्रैंडन किंग की जगह पर अकील हुसैन को अंतिम एकादश में शामिल किया है।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह के साथ मैदान पर उतरी है।

शाई होप की अगुवाई में वेस्टइंडीज रोस्टन चेस, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकील हुसैन, गुडाकेश मोती और शमर जोसेफ के साथ इस मुकाबले में खेल रही है।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,904
Messages
11,941
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top