मनरेगा भुगतान और दलित सम्मान समारोह रद्द करने पर कांग्रेस का तीखा हमला, सरकार पर तानाशाही का आरोप

मनरेगा भुगतान को लेकर कांग्रेस का सरकार पर निशाना, चौरी-चौरा कार्यक्रम रद्द करने पर उठाए सवाल


लखनऊ, 1 मार्च। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में रविवार को आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन आरपी गौतम ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने मनरेगा मजदूरों के बकाया भुगतान और गोरखपुर के चौरी-चौरा में प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति रद्द किए जाने को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

आरपी गौतम ने आरोप लगाया कि गोरखपुर के चौरी-चौरा में आयोजित होने वाले ‘दलित सम्मान समारोह’ में शामिल होने के लिए वह लखनऊ एयरपोर्ट से रवाना होने वाले थे, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने उन्हें एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही रोक दिया। उनके अनुसार, बताया गया कि होली के मद्देनजर कार्यक्रम की अनुमति रात में रद्द कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि विधिवत अनुमति लेने के बावजूद जनसभा को रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के मुद्दों को उठाने से सरकार घबरा रही है और त्योहार को बहाना बनाया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मनरेगा मजदूरों, कर्मियों, मिस्त्रियों, आपूर्तिकर्ताओं और महिला मेट के बकाया भुगतान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि होली से पहले भी उन्हें मेहनताना नहीं मिला है। उन्होंने दावा किया कि अकुशल व कुशल मजदूरी तथा सामग्री मद में करीब 1600 करोड़ रुपए लंबित हैं।

अजय राय ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर भुगतान नहीं हुआ तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में मनरेगा कर्मियों के लिए घोषित अवकाश संबंधी सुविधाओं पर भी अमल नहीं हुआ। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार के दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,939
Messages
11,976
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top