मुंबई, 1 मार्च। शिवसेना नेता शायना एनसी ने यूएस-इजरायल स्ट्राइक में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर कहा कि सबसे पहले, अयातुल्ला अली खामेनेई के नुकसान के लिए ईरान के प्रति संवेदना है। जिस प्रकार का माहौल है, भारत सरकार को अपने नागरिक की सुरक्षा की चिंता है। हमारे लिए पहले भारतीय नागरिक की सुरक्षा प्राथमिकता है, बाद में ट्रेड पर चर्चा है।
मुंबई में शिवसेना नेता शायना एनसी ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि भारत और ईरान के साथ रिश्ते सदियों से रहे हैं। मुझे लगता है कि हमें सबसे पहले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। भारत सरकार ने इजरायल के साथ-साथ ईरान में भी नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें उनसे सावधानी बरतने और सुरक्षा गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की गई है।
उन्होंने कहा कि अगर हम आर्थिक असर देखें तो जाहिर है तेल की कीमतें, एक झगड़ा जो शुरू हुआ है और जो एक लगातार चलने वाले प्रोसेस का हिस्सा है, और व्यापार में जो रुकावटें देखी गई हैं, क्योंकि खासकर ईरान, भारत बासमती चावल एक्सपोर्ट करता था और भारत के कुल बासमती चावल का 25 प्रतिशत ईरान को एक्सपोर्ट होता था। भारत सरकार की भूमिका यह है कि दुबई, ईरान और इजरायल में हमारे लोग सुरक्षित रहें।
लखनऊ और जम्मू-कश्मीर में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर लगाए गए नारे पर शिवसेना नेता शायना एनसी ने कहा कि अयातुल्ला अली खामेनेई पूरे शिया समुदाय के लीडर थे, इसीलिए कहीं न कहीं विरोध जम्मू-कश्मीर और लखनऊ में देख रहे हैं, लेकिन भारत के लिए सबसे पहले भारतीय नागरिक ही हैं और मजहब की राजनीति बाद में है।
उन्होंने एसआईआर को लेकर कहा कि सीएम ममता बनर्जी और पश्चिम बंगाल को यह समझना चाहिए कि वे केवल घुसपैठियों और अवैध प्रवासियों के सहारे चुनाव नहीं जीत सकते हैं। एसआईआर का लक्ष्य साफ है कि सही वोटरों को वोट करने का मौका दिया जाए। चुनाव आयोग अपना काम कर रहा है और विपक्ष सिर्फ भ्रम फैला रहा है।
जंतर-मंतर पर दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की सभा और कट्टर ईमानदार वाले बयान पर शायना एनसी ने कहा कि हम न्यायपालिका का सम्मान करते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि सीबीआई अरविंद केजरीवाल के मामले में ऊपरी अदालत का दरवाजा नहीं खटखटा सकती। कौन भ्रष्ट है? यह सबूतों के आधार पर तय किया जाएगा। यह आम आदमी पार्टी है या फिर खास पार्टी है, इसका फैसला तो कोर्ट लेगी।