लखनऊ में खामेनेई की 'शहादत' पर फूटा शिया समुदाय का आक्रोश, अमेरिका-इजरायल के खिलाफ प्रदर्शन और कैंडल मार्च

लखनऊ: खामेनेई की मौत के विरोध में शिया समुदाय ने किया प्रदर्शन, कैंडल मार्च का ऐलान


लखनऊ, 1 मार्च। अमेरिका-इजरायल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के विरोध में रविवार को लखनऊ में शिया समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए। छोटे इमामबाड़े के आसपास बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन करते हुए शोक जताया।

कई लोग भावुक नजर आए और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने इजराइल और अमेरिका के खिलाफ नाराजगी जताई। कुछ लोगों ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताते हुए दोनों देशों की निंदा की।

शिया धर्मगुरुओं ने खामेनेई की मौत पर तीन दिन का शोक घोषित किया है। इस दौरान समुदाय से जुड़े लोगों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर खामेनेई को श्रद्धांजलि देने की अपील की गई। रविवार रात आठ बजे छोटे इमामबाड़े में शोकसभा आयोजित करने और इसके बाद कैंडल मार्च निकालने की घोषणा की गई। देशभर के शिया समुदाय से भी इसी समय शोकसभा आयोजित करने का आह्वान किया गया। शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने कहा कि खामेनेई को वे केवल ईरान का नेता नहीं, बल्कि विश्व के मुसलमानों की आवाज मानते थे। उन्होंने कहा कि ताजा घटनाक्रम ने खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है।

इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि किसी भी संप्रभु राष्ट्र पर इस तरह का हमला अंतरराष्ट्रीय नियमों के खिलाफ है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप कर तनाव कम कराने की अपील की।

तीन दिवसीय शोक के मद्देनजर बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा और पिक्चर गैलरी को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। पर्यटकों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है, जिससे बाहर से आए लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।

छोटे इमामबाड़े के आसपास की दुकानें भी बंद रहीं और इलाके में सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस और प्रशासन ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शिया धर्मगुरु मौलाना सैयद कल्बे जवाद ने खामेनेई की शहादत पर तीन दिन के शोक का ऐलान करते हुए एक अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि हम सभी इंसानियत पसंद लोगों से अपील करते हैं कि वे इस गम के मौके पर अपनी दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करें।

मौलाना ने कहा कि छोटा इमामबाड़ा में रविवार रात 8 बजे एक शोकसभा आयोजित की जाएगी, जिसके बाद कैंडल मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने देशभर के शिया समुदाय से आह्वान किया कि रविवार रात 8 बजे पूरे मुल्क में एक ही समय पर शोकसभाएं आयोजित की जाएं और जहां संभव हो, कैंडल मार्च भी निकाला जाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और किसी को भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
11,835
Messages
11,872
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top