कैमूर, 1 मार्च। बिहार में कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर नशेज के समीप रविवार सुबह बस और ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 11 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा उस समय हुआ जब जमशेदपुर से वाराणसी जा रही एक यात्री बस की विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। बस में लगभग 70 यात्री सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस एक होटल पर चाय-नाश्ते के लिए रुकी थी। यहां से करीब तीन किलोमीटर आगे बढ़ते ही सामने से आ रहा ट्रक अचानक डिवाइडर पार कर बस की लेन में घुस गया और तेज रफ्तार में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों में वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र निवासी दीपक पटेल की नौ वर्षीय पुत्री दीक्षिता कुमारी और भूलनपुर, वाराणसी निवासी आभा रानी की पहचान हो चुकी है। तीसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने में जुटी है।
हादसे के सभी घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि कई का इलाज निजी क्लीनिकों में चल रहा है। 11 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कुदरा पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। कुदरा थाने के एएसआई बीएन उपाध्याय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक रॉन्ग साइड से आया था। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।