छत्तीसगढ़ में 'शतक' फिल्म टैक्स फ्री: RSS के 100 साल का इतिहास अब सस्ते में देखेंगे दर्शक

छत्तीसगढ़ में फिल्म 'शतक' हुई टैक्स फ्री, अगले 6 महीने तक नहीं लगेगा कोई कर


मुंबई, 27 फरवरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बनी फिल्म 'शतक: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष' को छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में टैक्स फ्री करने का फैसला लिया है।

वाणिज्यिक कर विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह फिल्म शनिवार से अगले छह महीने तक राज्य में कर मुक्त रहेगी। इस फैसले के बाद फिल्म को लेकर राज्य में चर्चा और तेज हो गई है।

सरकारी आदेश के मुताबिक, 'शतक' को विशेष श्रेणी में रखते हुए उसे कर से छूट दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह फिल्म एक ऐतिहासिक और वैचारिक यात्रा को दर्शाती है, इसलिए इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

टैक्स फ्री होने का सीधा असर टिकट की कीमत पर पड़ेगा, जिससे दर्शकों के लिए फिल्म देखना थोड़ा सस्ता हो जाएगा। माना जा रहा है कि इससे सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या बढ़ सकती है।

छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, हिंदी फीचर फिल्म 'शतक: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष' को छत्तीसगढ़ में 28 फरवरी 2026 से अगले छह महीनों तक टैक्स फ्री किया गया है। राज्य सरकार ने फिल्म के विषय और खासियत को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।

आदेश में कहा गया है कि इस अवधि के दौरान फिल्म के प्रदर्शन पर देय राज्य माल और सेवा कर (एस.जी.एस.टी.) की राशि के बराबर रकम की प्रतिपूर्ति की जाएगी, ताकि दर्शकों को उस कर का लाभ मिल सके।

सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स को निर्देश दिया गया है कि वे टिकट बेचते समय एस.जी.एस.टी. की राशि घटाकर ही टिकट जारी करें और इस दौरान सामान्य प्रवेश शुल्क में कोई बढ़ोतरी न करें। सेवा प्रदाता मल्टीप्लेक्स या सिनेमा घर पहले कर की राशि का भुगतान करेंगे, जिसके बाद राज्य शासन द्वारा उस राशि की प्रतिपूर्ति की जाएगी।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,603
Messages
12,640
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top