11 साल बाद भी 'दम लगा के हईशा' का जादू बरकरार! आयुष्मान ने याद किया फिल्म का सबसे गुदगुदाता सीन

'दम लगा के हईशा' को 11 साल पूरे, आयुष्मान ने शेयर किया फिल्म का फेवरेट सीन


मुंबई, 27 फरवरी। 11 साल पहले पर्दे पर ऐसी फिल्म रिलीज हुई थी जिसने न सिर्फ दर्शकों को पेट पकड़कर हंसने पर मजबूर कर दिया, बल्कि समाज को साफ शब्दों में संदेश भी दिया।

हम बात कर रहे हैं आयुष्मान खुराना और भूमि पेडनेकर की फिल्म 'दम लगा के हईशा' की। फिल्म की शूटिंग हरिद्वार के छोटे से घर से हुई, लेकिन फिल्म की सफलता की गूंज लोगों के दिलों और बॉक्स ऑफिस पर महसूस की गई। आज फिल्म की रिलीज को पूरे 11 साल हो चुके हैं और अभिनेता ने फिल्म के अपने सबसे पसंदीदा सीन के बारे में बात की है।

आयुष्मान खुराना ने 'दम लगा के हईशा' का कॉमेडी से भरा सीन शेयर किया है, जिसमें शूट करने में उन्हें सबसे ज्यादा मजा आया था। सीन में संध्या और प्रेम प्रकाश के बीच शादी के तुरंत बाद लड़ाई हो गई है और बातचीत बिल्कुल बंद है। ऐसे में दोनों संवाद के लिए 80 के दशक के गानों का सहारा ले रहे हैं। फिल्म का यह सीन इतना मजेदार था कि आज भी देखकर हंसी रोक पाना बहुत मुश्किल है।

अभिनेता ने सीन शेयर कर लिखा, 'दम लगा के हईशा' के मेरे पसंदीदा दृश्यों में से एक। वे गुस्से में हैं, एक-दूसरे से बात नहीं कर रहे, फिर भी संगीत के ज़रिए सब कुछ कह रहे हैं। मुझे हमेशा से यह पल बहुत पसंद आया है क्योंकि यह दिखाता है कि जब शब्द साथ नहीं देते, तब भी भावनाएं अपना रास्ता खोज लेती हैं। यह कितना अद्भुत है कि संगीत अपने आप में एक संवाद बन सकता है और कभी-कभी किसी भी संवाद से कहीं ज़्यादा बातें कह देता है।

खास बात यह भी है कि 'दम लगा के हईशा' भूमि पेडनेकर की डेब्यू फिल्म थी और इस फिल्म के दौरान अभिनेत्री का वजन तकरीबन 100 किलो था। पहली बार हिंदी सिनेमा की स्क्रीन पर बतौर लीड इतनी मोटी अभिनेत्री को उतारा गया था। ऐसा इसलिए क्योंकि फिल्म का कॉन्सेप्ट ही मोटापे और रिश्ते पर बना था। हालांकि रिलीज के बाद भूमि ने 35 किलो वजन कम किया था।

फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही। फिल्म का बजट 14 करोड़ रुपए था और फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 40 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि वैश्विक स्तर पर फिल्म ने लगभग 43 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म की सराहना इसलिए भी की गई, क्योंकि फिल्म को एक सीमित जगह और स्क्रीन स्पेस के साथ शूट किया गया, जिसे पारिवारिक और सामाजिक ताने-बाने के साथ बुनकर बनाया गया था।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
11,120
Messages
11,157
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top