'एक्यूज्ड' में क्यों रखी अस्पष्टता? अनुभूति कश्यप बोलीं- हर सवाल का जवाब जरूरी नहीं, मेरी फिल्म में यही है गहराई

'हर सवाल का जवाब जरूरी नहीं', 'एक्यूज्ड' में अस्पष्टता पर निर्देशक अनुभूति कश्यप ने तोड़ी चुप्पी


मुंबई, 27 फरवरी। आज के समय में फिल्मों और वेब सीरीज में संवेदनशील विषयों को अक्सर सनसनीखेज अंदाज में पेश किया जाता है, लेकिन कुछ फिल्मकार ऐसे भी हैं जो कहानी को सहजता से दिखाना चाहते हैं। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'एक्यूज्ड' इसी तरह की एक कोशिश है।

यह फिल्म एक गंभीर विषय को छूती है, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इस बीच फिल्म के निर्देशक अनुभूति कश्यप ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया है कि इस कहानी को गढ़ते समय उनके मन में कौन-कौन सी जरूरी बातें थीं, साथ ही इसमें उन्होंने अस्पष्टता पर भी चुप्पी तोड़ी।

अनुभूति कश्यप मशहूर फिल्मकार अनुराग कश्यप की बहन हैं।

प्रमोशन के दौरान आईएएनएस से बातचीत में अनुभूति कश्यप ने कहा, ''मेरे लिए सबसे जरूरी बात यह थी कि फिल्म को सनसनीखेज न बनाया जाए। 'एक्यूज्ड' की कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है जिस पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है। यह विषय बेहद संवेदनशील है और इसे दिखाते समय संतुलन बनाए रखना बहुत जरूरी था।''

फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में कोंकणा सेन शर्मा और प्रतिभा रांटा हैं, जिन्होंने अपने किरदारों को गंभीरता से निभाया है।

अनुभूति ने कहा, ''शुरुआत से ही मेरी टीम का मानना था कि इस कहानी को एक खास नजरिए और सहानुभूति के साथ दिखाना चाहिए। अगर इसे चौंकाने या विवाद पैदा करने के इरादे से पेश किया जाता, तो यह कहानी के साथ अन्याय होता। स्क्रिप्ट लिखते समय भी यह बात ध्यान में रखी गई कि फिल्म का ट्रीटमेंट सधा हुआ और संवेदनशील रहे। कहानी का मकसद दर्शकों को झटका देना नहीं, बल्कि उन्हें सोचने पर मजबूर करना था।''

उन्होंने कहा, ''फिल्म में कुछ ऐसे सीन्स हैं जो दर्शकों को थोड़ा असहज कर सकते हैं, लेकिन यह कहानी की सच्चाई का हिस्सा है। हमने फिल्म में हर सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया है। कई बातें जानबूझकर खुली छोड़ी गई हैं ताकि दर्शक खुद सोचें और अपने निष्कर्ष निकालें। मेरा मानना है कि सिनेमा केवल जवाब देने का माध्यम नहीं, बल्कि सवाल उठाने का भी जरिया है।''

अनुभूति ने कहा, "ये सभी फैसले सोच-समझकर लिए गए थे। स्क्रिप्ट लिखते समय मन में लगातार यह बात थी कि कहानी जिस तरह की संवेदनशीलता की मांग करती है, वैसा ही ट्रीटमेंट उसे मिलना चाहिए। इस तरह के विषय पर काम करना आसान नहीं होता, लेकिन अगर उसे जिम्मेदारी के साथ पेश किया जाए, तो वह दर्शकों पर गहरा असर छोड़ सकता है।''

फिल्म 'एक्यूज्ड' फिलहाल नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,113
Messages
11,150
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top