चेन्नई, 27 फरवरी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह के पिता के निधन पर दुख जताया है और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
आईएएनएस से बातचीत में सैकिया ने कहा, "मैं इस मुश्किल समय में बीसीसीआई की तरफ से रिंकू सिंह और उनके पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। वह सुबह 5 बजे चेन्नई से दिल्ली के लिए ग्रेटर नोएडा के अस्पताल गए, जहां उनके पिता का इलाज चल रहा था।"
सैकिया ने यह भी कन्फर्म किया कि रिंकू रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले अगले सुपर-8 मैच के लिए टीम के साथ कोलकाता नहीं जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रिंकू से जुड़ी कोई भी अपडेट जल्द दी जाएगी।
रिंकू सिंह के पिता के निधन पर युवराज सिंह, हरभजन सिंह और सीएसके प्रबंधन की तरफ से भी शोक संवेदना जताई गई है।
रिंकू सिंह अपने पिता के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए चेन्नई से सुबह 5 बजे निकल गए थे।
रिंकू के पिता, खानचंद सिंह, लिवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। तबियत ज्यादा खराब होने के बाद उन्हें 21 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। शुक्रवार की सुबह 4:36 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम का हिस्सा रिंकू जिम्बाब्वे के खिलाफ गुरुवार को चेन्नई में हुए मैच से पहले रिंकू अपने इलाजरत पिता को देखने के लिए नोएडा आए थे। मैच से पहले वह टीम से जुड़े थे। हालांकि, जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया था।
रिंकू सिंह के पिता सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। कमजोर आर्थिक स्थिति के बावजूद क्रिकेटर बनने और इस क्षेत्र में सफलता के लिए लगातार मेहनत करने की प्रेरणा रिंकू सिंह को उनके पिता से ही मिली।