मथुरा में पुलिस मुठभेड़ में शातिर चोर राजवीर के पैर में लगी गोली, कई वारदातों का वांछित आखिर दबोचा गया

मथुरा में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, एक बदमाश गिरफ्तार


मथुरा, 26 फरवरी। उत्तर प्रदेश के मथुरा में बुधवार देर रात अडूकी गांव के पास पुलिस और बदमाश में मुठभेड़ हो गई, जिसमें पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है।

सीओ अनिल कपरवान ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हाईवे पुलिस और रिवार्डी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार देर रात अडूकी गांव के पास पुलिस और एक शातिर चोर के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि 16 फरवरी की रात भगवती नगर (चन्द्रपुरी) क्षेत्र में एक मकान में चोरी की घटना हुई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर राजवीर (32), निवासी पीपला, राजस्थान, का नाम प्रकाश में आया। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।

बुधवार रात करीब 10:05 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से अडूकी रोड की ओर किसी वारदात को अंजाम देने जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस और रिवार्डी टीम ने रेलवे लाइन के पास घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर उसने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया है। इसके अलावा एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि राजवीर एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ थाना हाईवे, कोतवाली, सदर बाजार और जैत में चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top