टी20 वर्ल्ड कप: जिम्बाब्वे पर दमदार जीत दर्ज करना चाहेगा भारत, जानिए कैसा है पिच और मौसम का मिजाज?

टी20 वर्ल्ड कप: जिम्बाब्वे पर दमदार जीत दर्ज करना चाहेगा भारत, जानिए कैसा है पिच और मौसम का मिजाज?


चेन्नई, 25 फरवरी। भारतीय टीम गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने दूसरे सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ एमए चिदंबरम स्टेडियम में उतरेगी। नॉकआउट में पहुंचने के लिए यह मैच जीतना टीम इंडिया के लिए बेहद जरूरी होगा।

ग्रुप स्टेज के सभी चार मैच जीतने के बाद भारत (-3.800 नेट रन रेट) को सुपर-8 के अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका के हाथों 76 रन से करारी हार झेलनी पड़ी थी। इस करारी हार ने भारत को ग्रुप-1 की प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर पहुंचा दिया है। वेस्टइंडीज (+5.350 नेट रन रेट) और साउथ अफ्रीका (+3.800 नेट रन रेट) अपने पहले मैच जीतकर क्रमशः पहले और दूसरे पायदान पर हैं। वहीं, जिम्बाब्वे (-5.350 नेट रन रेट) अपना पहला मैच गंवाकर सबसे निचले स्थान पर है।

नॉकआउट में पहुंचने के लिए भारत सुपर-8 के अपने अंतिम दोनों मुकाबलों को बड़े अंतर से जीतने के साथ चाहेगा कि साउथ अफ्रीका अपने अगले दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज करे।

एमए चिदंबरम स्टेडियम इस टूर्नामेंट में औसत और स्ट्राइक रेट दोनों के लिहाज से सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी विकेट साबित हुआ है। तेज गेंदबाजों के लिए यहां विकेट निकालना और रन रोकना बेहद मुश्किल रहा है।

गुरुवार को भारत-जिम्बाब्वे के बीच इस मैच में काली मिट्टी की वही पिच इस्तेमाल होगी, जिस पर न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ 183 रनों का लक्ष्य महज 17.5 ओवर में हासिल कर लिया था। इस मैच के दौरान मौसम साफ रहने का अनुमान है। तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा।

भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक कुल 13 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 10 मैच जीते, जबकि जिम्बाब्वे ने 3 मुकाबलों को अपने नाम किया। इनमें एक मैच विश्व कप में खेला गया, जिसे टीम इंडिया ने 71 रन से जीता था। जिम्बाब्वे ने भारत के खिलाफ भारत में कभी कोई टी20 मैच नहीं खेला है।

भारत की टीम: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, संजू सैमसन।

जिम्बाब्वे की टीम: तदिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), ब्रायन बेनेट, डियोन मायर्स, रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, ग्रीम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा, बेन करन, क्लाइव मडांडे, टिनोटेंडा मापोसा, वेलिंगटन मसाकाद्जा।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
10,584
Messages
10,621
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top