उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन का जम्मू-कश्मीर में पहला दौरा, एलजी-सीएम ने श्रीनगर एयरपोर्ट पर किया भव्य स्वागत

दो दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन, एलजी और सीएम ने किया स्वागत


श्रीनगर, 25 फरवरी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन को लेकर एक विशेष बोइंग विमान बुधवार की शाम को श्रीनगर एयरपोर्ट पर उतरा।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, मुख्य सचिव अटल डुल्लू, सेना की श्रीनगर मुख्यालय स्थित 15 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग और जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक ने एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत किया।

इसके बाद वे कड़ी सुरक्षा के बीच काफिले से श्रीनगर के चश्मा शाही इलाके स्थित राज भवन श्रीनगर पहुंचे।

पद संभालने के बाद यह उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन का पहला जम्मू-कश्मीर दौरा है।

वे गुरुवार को मुख्य अतिथि के रूप में यूनिवर्सिटी ऑफ कश्मीर के हजरतबल परिसर में आयोजित 21वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उपराज्यपाल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हैं, जबकि मुख्यमंत्री प्रो-कुलाधिपति हैं।

उपराष्ट्रपति के आगमन से पहले सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। सुरक्षा बलों ने उनके निर्धारित मार्गों पर रूट सैनिटाइजेशन और ड्राई रन किया।

शहर में कई जगह अस्थायी जांच चौकियां बनाई गई हैं। शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच और लोगों की तलाशी बढ़ा दी गई है ताकि वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ट्रैफिक विभाग ने विस्तृत एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है ताकि उपराष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही सुचारु रहे।

एडवाइजरी के अनुसार, गुरुवार को बद्यारी चौक और गुपकर मार्ग से निशात, शालीमार, हरवन और आसपास के इलाकों की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।

राम मुंशीबाग से होटल ग्रैंड पैलेस की ओर जाने वाला ट्रैफिक भी बंद रहेगा। वाहनों को डलगेट, संगर्मल और इखवान चौक की ओर मोड़ा जाएगा।

निर्धारित समय के दौरान डलगेट, खैयाम, खानयार, रैनावारी, सैदकदल और हजरतबल मार्ग पर ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा।

हरवन, शालीमार, निशात, गांदरबल और आसपास के क्षेत्रों से लाल चौक जाने वाले वाहन बुर्जहामा, चांदपोरा, तैलबल, जाकूरा, मालबाग, इलाहीबाग और 90 फीट रोड के रास्ते जा सकेंगे।

इसी तरह डलगेट, लाल चौक और आसपास के इलाकों से हरवन, शालीमार और निशात जाने वाले लोगों को संगर्मल, इखवान चौक, नौहट्टा, 90 फीट रोड और मालबाग मार्ग का उपयोग करने को कहा गया है।

हरवन, शालीमार और निशात से श्रीनगर एयरपोर्ट जाने वाले वाहन बुर्जहामा, चांदपोरा, तैलबल, जाकूरा, मालबाग, इलाहीबाग और 90 फीट रोड से जा सकेंगे।

पंथाचौक और पंद्रेथन से राम मुंशीबाग की ओर जाने वाले वाहन पीक्स मोटर्स नौगाम और बाईपास मार्ग से गुजर सकेंगे।

अधिकारियों ने कहा कि मेडिकल इमरजेंसी के मामलों में सत्यापन के बाद अनुमति दी जाएगी। किसी भी सहायता के लिए नागरिक ट्रैफिक पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top