भारतीय निवेशकों के लिए खुला 30 वैश्विक बाजारों में निवेश का द्वार, NSE IX तैयार कर रहा बड़ी योजना

भारतीय निवेशकों को मिलेगा 30 अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निवेश करने का मौका, एनएसई आईएक्स बना रही योजना: रिपोर्ट


नई दिल्ली, 25 फरवरी। भारतीय निवेशक जल्द दुनिया के 30 बड़े स्टॉक मार्केट में आसानी से शेयरों की खरीद बिक्री कर पाएंगे और उनकी पहुंच अमेरिकी, यूके, जापान और यूरोप जैसे विकसित बाजारों तक भी होगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) की सहयोगी कंपनी एनएसई इंटरनेशनल एक्सचेंज (आईएक्स) हाल ही में लॉन्च किए अपने ग्लोबल इन्वेस्टिंग प्लेटफॉर्म के अगले तीन से छह महीनों में विस्तार की योजना बना रही है।

एनएसई आईएक्स के प्रबंध निदेशक और सीईओ वी बालासुब्रमण्यम ने कहा कि एक्सचेंज वर्तमान में अमेरिकी शेयरों में ट्रेडिंग की अनुमति देता है और अधिक अंतरराष्ट्रीय बाजारों को जोड़ने के लिए काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यूरोप, जापान और यूनाइटेड किंगडम सहित कई जी7 देशों को शामिल करने के लिए बातचीत चल रही है।

एनएसई आईएक्स ग्लोबल एक्सेस प्लेटफॉर्म भारतीय निवेशकों को पूरी तरह से डिजिटल ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया के माध्यम से विदेशी शेयरों में निवेश करने में सक्षम बनाता है।

इस प्लेटफॉर्म पर ट्रेडिंग करने के लिए निवेशकों को डीमैट खाते की आवश्यकता नहीं है। एक्सचेंज टीप्लस 1 निपटान चक्र का पालन करता है, जिसका अर्थ है कि लेनदेन के एक दिन बाद ट्रेड का निपटान हो जाता है।

एक्सचेंज ने कर और लागत संबंधी लाभों पर भी प्रकाश डाला है।

यह गैर-निवासियों के लिए शून्य स्टांप शुल्क, शून्य प्रतिभूति लेनदेन कर (एसटीटी) और शून्य पूंजीगत लाभ कर की पेशकश करेगा।

प्लेटफॉर्म पर ट्रेडिंग डॉलर में होगी, जिसमें सभी ट्रेड, मार्जिन और निपटान अमेरिकी डॉलर में किए जाएंगे। यह स्ट्रक्चर लेनदेन स्तर पर करेंसी कन्वर्जन की आवश्यकता को समाप्त करती है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रेडिंग विंडो दो सत्रों में प्रतिदिन 21 घंटे खुली रहेगी, जिससे निवेशकों को एशिया, यूरोप और संयुक्त राज्य अमेरिका में बाजार की गतिविधियों का लाभ उठाने का मौका मिलेगा।

प्लेटफॉर्म पर सभी लेनदेन एक ही प्राधिकरण, अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण द्वारा विनियमित होंगे, जो भारत के अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्रों के संचालन की देखरेख करता है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top