मणिपुर: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सीएम खेमचंद को राजमार्ग परियोजनाओं के लिए आश्वासन दिया

मणिपुर: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सीएम खेमचंद को राजमार्ग परियोजनाओं के लिए आश्वासन दिया


इंफाल, 25 फरवरी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह को राजमार्ग परियोजनाओं के लिए पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है।

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह को राज्य में राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के विकास के लिए केंद्र से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह अपने दो उपमुख्यमंत्रियों नेमचा किपगेन और लोसी दिखो के साथ मंगलवार को नई दिल्ली में नितिन गडकरी के कार्यालय में उनसे मिले थे। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को मणिपुर में चल रही और प्रस्तावित विभिन्न सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की स्थिति से अवगत कराया।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक में सुधार लाने के लिए केंद्रीय मंत्री से राज्य के एलिवेटेड राजमार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों को मजबूत करने के प्रस्तावों पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी ने बताया कि गडकरी ने मणिपुर प्रतिनिधिमंडल को अपने मंत्रालय की ओर से पूरे सहयोग का आश्वासन दिया है और कहा कि राज्य सरकार के प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि मणिपुर के नव निर्वाचित मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह, उपमुख्यमंत्री लोसी दिखो और नेमचा किपगेन ने नई दिल्ली में मुझसे मुलाकात की। उन्होंने कहा कि हमने राज्य भर में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और समय पर पूरा होने, बेहतर कनेक्टिविटी और मणिपुर में बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने के लिए महत्वपूर्ण खंडों का आकलन किया।

गडकरी ने कहा कि राज्य की जनता के लिए शांति, समावेशी विकास और स्थायी समृद्धि के लिए समर्पित एक सफल कार्यकाल के लिए नई सरकार को मेरी शुभकामनाएं।

बता दें कि मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह 21 फरवरी से नई दिल्ली में हैं। 4 फरवरी को मणिपुर के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद राष्ट्रीय राजधानी की यह उनकी पहली यात्रा है। अपनी इस यात्रा के दौरान, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की और राज्य के विकास और जन कल्याण से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
10,534
Messages
10,571
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top