दिल्ली, 25 फरवरी। द्वारका जिले की वाहन चोरी रोधी दस्ता (एएटीएस) लगातार चोरों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। एएटीएस द्वारका ने एक सप्ताह के भीतर सड़कों पर अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। एएटीएस की टीम ने एक सप्ताह में 3 वाहन चोरों को गिरफ्तार किया करते हुए 6 चोरी हुए दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
वाहन चोरी रोधी दस्ते (एएटीएस) ने 9 फरवरी और 16 फरवरी 2026 को चलाए गए दो अलग-अलग अभियानों में तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इससे द्वारका और अन्य जिलों के छह वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हो गया है और पीड़ितों को उनकी बाइक या स्कूटी वापस मिल सकेगी।
द्वारका जिले के डीसीपी अंकित के निर्देशों के अनुसार, एएटीएस को द्वारका और आसपास के क्षेत्रों में वाहन चोरी, छीन-झपट और लूटपाट सहित गली-मोहल्लों में होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने का निरंतर कार्य सौंपा गया है। टीम सक्रिय अपराधियों की पहचान और उन्हें पकड़ने के लिए नियमित रूप से गुप्त सूचना, तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी विश्लेषण का उपयोग करते हुए कार्रवाई कर रही है।
इसी कड़ी में 9 फरवरी को दोपहर लगभग 2:30 बजे कई सीसीटीवी कैमरों के विश्लेषण और हेड कांस्टेबल मनीष को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर छावला थाना क्षेत्र से एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया गया। जिसकी पहचान आदित्य कुमार पुत्र सिकंदर सिंह (30) निवासी नजफगढ़ के रूप में हुई है। इसके पास से छावला थाना क्षेत्र से चोरी एक बाइक और बिंदपुर थाना क्षेत्र से चोरी की टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी बरामद हुई है।
इसी तरह 16 फरवरी को पुलिस स्टेशन क्षेत्र में दो वाहन चोरों की आवाजाही के संबंध में एचसी मनीष कुमार को विशिष्ट गुप्त सूचना प्राप्त हुई। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने जाल बिछाकर छावला क्षेत्र से दोनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान वशीर अहमद पुत्र साकिल अहमद (24) और शिवा पुत्र सूरज सिंह (24) निवासी निवासी नजफगढ़ के रूप में हुई है। इनकी निशानदेही पर छावला थाना क्षेत्र से चोरी हीरो स्प्लेंडर ,नजफगढ़ से चोरी टीवीएस अपाचे, रान्होला थाना क्षेत्र से चोरी हीरो स्प्लेंडर और भजनपुरा थाना क्षेत्र से चोरी हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई है।