एनसीआर में तापमान में बढ़ोतरी के साथ तेज हवाओं की संभावना; कई इलाकों में एक्यूआई गंभीर श्रेणी में

एनसीआर में तापमान में बढ़ोतरी के साथ तेज हवाओं की संभावना; कई इलाकों में एक्यूआई गंभीर श्रेणी में


नोएडा, 25 फरवरी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम अब धीरे-धीरे करवट ले रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

हालांकि दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। इसके बावजूद वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) एक बार फिर गंभीर से अति गंभीर श्रेणी की ओर बढ़ता नजर आ रहा है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।

आईएमडी के अनुसार 25 फरवरी को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 26 फरवरी को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं 27 फरवरी को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

25 और 26 फरवरी को दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। 27 फरवरी को हल्की धुंध (मिस्ट) रहने का पूर्वानुमान है। फिलहाल किसी भी दिन के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। दिल्ली में वायु गुणवत्ता की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

दिल्ली के विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। आनंद विहार में एक्यूआई 342 दर्ज किया गया, जो अति गंभीर श्रेणी में है। अलीपुर में 256, अशोक विहार में 258, बवाना में 279, बुराड़ी क्रॉसिंग में 265, चांदनी चौक में 275, सीआरआरआई मथुरा रोड में 221, डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 219, डीटीयू में 229 और आया नगर में 192 (मध्यम से खराब श्रेणी के करीब) एक्यूआई दर्ज किया गया है।

नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 244, सेक्टर-62 में 227, सेक्टर-1 में 206 और सेक्टर-116 में 222 दर्ज किया गया। जबकि गाजियाबाद के इंदिरापुरम में 283, लोनी में 289, संजय नगर में 204 और वसुंधरा में 281 एक्यूआई दर्ज हुआ। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में बढ़ोतरी और स्थानीय प्रदूषण स्रोतों के कारण हवा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। हालांकि तेज हवाएं कुछ हद तक राहत दे सकती हैं, लेकिन फिलहाल एनसीआर के लोगों को प्रदूषण से सतर्क रहने की जरूरत है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top