बलूचिस्तान में जबरन गुमशुदगी से हड़कंप: पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर 5 नागरिकों को गायब करने का संगीन आरोप

बलूचिस्तान में पांच नागरिकों के जबरन गायब किए जाने का आरोप


क्वेटा, 24 फरवरी। बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर कम से कम पांच नागरिकों को जबरन गायब करने का आरोप लगा है। मानवाधिकार संगठनों ने मंगलवार को कहा कि प्रांत में जबरन गुमशुदगी और कथित न्यायेतर हत्याओं की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

बलूच नेशनल मूवमेंट के मानवाधिकार विभाग ‘पांक’ के अनुसार, 33 वर्षीय मजदूर गुलाम सरवर को 21 फरवरी को हब जिले के अब्दुल्ला बिजेंजो गोठ इलाके से पाकिस्तानी सेना और सैन्य खुफिया एजेंसियों द्वारा उठाया गया। इसी तरह 24 वर्षीय छात्र आमिर बलोच को 19 फरवरी को चागी जिले के किली कासुम खान क्षेत्र से हिरासत में लेकर कथित तौर पर गायब कर दिया गया।

संगठन ने बताया कि अवारान जिले के कुहादो जाहू क्षेत्र में 18 फरवरी को एक घर पर छापेमारी के दौरान दो भाइयों- सादुल्लाह और लाल जान को भी सेना ने उठाया।

एक अन्य मानवाधिकार संगठन ‘बलोच वॉइस फॉर जस्टिस’ (बीवीजे) ने कहा कि कराची स्थित नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ मॉडर्न लैंग्वेजेज के गवर्नेंस एंड पब्लिक पॉलिसी विभाग के स्नातक दानियाल नासिर को 16 फरवरी को जबरन गायब कर दिया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि शिक्षित बलोच युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है और उनके अधिकारों का हनन हो रहा है।

बीवीजे ने कहा कि जबरन गुमशुदगी कानून और मानव गरिमा का गंभीर उल्लंघन है। परिवारों को जवाब मिलना चाहिए और संबंधित व्यक्ति की तत्काल रिहाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

इस बीच, स्थानीय मीडिया के अनुसार, फुल आबाद इलाके के पास एक वाहन पर पाकिस्तानी बलों की गोलीबारी में दो महिलाओं की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया गया कि वाहन में सवार कुछ अफगान नागरिक ईरान जाने की कोशिश कर रहे थे। घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों को भी हिरासत में लिए जाने की खबर है।

घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मानवाधिकार समूहों का आरोप है कि बलूचिस्तान में जबरन गुमशुदगी, अवैध हिरासत और कथित न्यायेतर हत्याओं की घटनाएं लगातार जारी हैं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top