3 चेक बाउंस से भड़के नील नितिन मुकेश, 'यूनिवर्सल आइडल' से तोड़ा नाता! पेमेंट विवाद पर मचाया हंगामा

तीन चेक बाउंस होने के बाद भड़के नील नितिन मुकेश, 'यूनिवर्सल आइडल' से तोड़ा रिश्ता


मुंबई, 23 फरवरी। बॉलीवुड और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में पेमेंट विवाद कोई नई बात नहीं है, लेकिन जब कोई अभिनेता खुले तौर पर सामने आकर किसी शो और उसके आयोजकों पर गंभीर आरोप लगाए, तो मामला सुर्खियों में आ जाता है। ऐसे ही एक विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है, जहां अभिनेता नील नितिन मुकेश ने म्यूजिक रियलिटी शो 'यूनिवर्सल आइडल' से खुद को पूरी तरह अलग करने का ऐलान कर दिया है।

नील ने कहा कि शो के आयोजकों की ओर से तय भुगतान न मिलने और लगातार भरोसा टूटने के बाद उन्हें यह फैसला लेना पड़ा। अभिनेता ने इस पूरे मामले को सोशल मीडिया के जरिए सार्वजनिक किया, जिससे इंडस्ट्री में हलचल मच गई है।

नील नितिन मुकेश ने बयान में कहा, "मैं 'यूनिवर्सल आइडल' का ब्रांड एम्बेसडर था और इसके लिए एक तय समझौता हुआ था। लेकिन, शो के आयोजक एचएमसी इवेंट्स ने जिस भुगतान का वादा किया था, वह समय पर नहीं दिया गया। आयोजकों की तरफ से मुझे पेमेंट के लिए तीन चेक दिए गए थे, लेकिन तीनों ही चेक बैंक से बाउंस हो गए। यह मेरे लिए सिर्फ आर्थिक नुकसान नहीं, बल्कि एक बड़े स्तर पर भरोसे और पेशेवर जिम्मेदारी का उल्लंघन था।"

अभिनेता ने आगे कहा, ''इस विवाद को सुलझाने के लिए मैंने और मेरी टीम ने कई बार आयोजकों से संपर्क किया। बार-बार बात करने, मैसेज भेजने और व्यक्तिगत रूप से समझाने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला, जिसके चलते मेरे पास शो से अलग होने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।''

नील नितिन मुकेश ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की, ''अब मैं 'यूनिवर्सल आइडल' से किसी भी तरह से जुड़ा नहीं हूं। मैं शकील हासन और उनसे जुड़े सभी लोगों के साथ अपने मौजूदा और भविष्य के सभी जुड़ाव को खत्म कर रहा हूं।''

नील ने अपने बयान में कहा, ''मैं यह पोस्ट पारदर्शिता के मकसद से कर रहा हूं, ताकि बाकी लोग भी किसी प्रोजेक्ट से जुड़ने से पहले भुगतान और कमिटमेंट्स की अच्छे से जांच कर लें। मैं कानून के तहत अपने सभी अधिकार सुरक्षित रखता हूं और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटूंगा।''
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top