'बूंग' ने बाफ्टा जीतकर रचा इतिहास, पीएम मोदी ने दी बधाई; सीएम ममता ने भी कहा, 'गर्व का पल'

'बूंग' की बाफ्टा जीत पर पीएम मोदी ने फिल्म की टीम को दी बधाई, सीएम ममता ने भी जताई खुशी


नई दिल्ली, 23 फरवरी। भारतीय सिनेमा जगत के लिए सोमवार का दिन गर्व से भरा रहा। मणिपुरी भाषा में बनी कॉमेडी-ड्रामा फीचर फिल्म 'बूंग' ने प्रतिष्ठित बाफ्टा अवॉर्ड्स 2026 में इतिहास रचा। फिल्म को बेस्ट चिल्ड्रन एंड फैमिली फिल्म का सम्मान मिला है। यह इस श्रेणी में जीत हासिल करने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई है। इस बड़ी उपलब्धि पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुशी जाहिर करते हुए फिल्म की टीम को बधाई दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''इस फिल्म से जुड़े सभी लोगों को बधाई। यह सच में बहुत खुशी का पल है, खासकर मणिपुर के लिए। यह हमारे देश में मौजूद जबरदस्त क्रिएटिव टैलेंट को भी दिखाता है।''

वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "मुझे बहुत खुशी हुई कि मणिपुरी फिल्म 'बूंग' ने 2026 बाफ्टा अवार्ड्स में इतिहास रचा है। सभी चुनौतियों के बावजूद इसे बेस्ट चिल्ड्रन एंड फैमिली फिल्म का खिताब मिला और यह इस कैटेगरी में जीतने वाली पहली भारतीय प्रोडक्शन है। पूरी कास्ट और क्रू को ढेरों बधाई। आपने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है।"

फिल्म 'बूंग' फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी है, जिसका निर्देशन लक्ष्मीप्रिया देवी ने किया है। यह साल की पहली भारतीय फिल्म है, जिसे बाफ्टा में नॉमिनेट किया गया और अब इसे यह पुरस्कार मिल गया है।

पुरस्कार समारोह में निर्देशक लक्ष्मीप्रिया देवी मंच पर पहुंचीं और फरहान अख्तर भी उनके साथ मौजूद थे। भावुक होकर लक्ष्मीप्रिया ने बाफ्टा का धन्यवाद दिया और भारतीय सिनेमा की ताकत को सलाम किया।

'बूंग' की कहानी पर नजर डालें तो यह मणिपुर की सीमा पर रहने वाले एक स्कूली बच्चे के इर्द-गिर्द घूमती है। बच्चा जन्म से ही हिंसा, नस्लीय तनाव और उपेक्षा का सामना करता आया है। फिल्म राज्य में मौजूद सामाजिक और राजनीतिक उथल-पुथल की पृष्ठभूमि को संवेदनशीलता से दिखाती है। कहानी में बच्चा अपने बिखरे परिवार को जोड़ने और लंबे समय से बिछड़े पिता को वापस लाने की जद्दोजहद करता है। कॉमेडी और ड्रामा का मिश्रण इस फिल्म को भावनात्मक गहराई देता है।

बाफ्टा से पहले 'बूंग' कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी छाप छोड़ चुकी है। साल 2024 में इसका प्रीमियर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के डिस्कवरी सेक्शन में हुआ था। इसके अलावा, वारसॉ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2024, 55वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (गोवा), और इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न 2025 में भी फिल्म को दिखाया गया। इन सभी जगहों पर समीक्षकों की ओर से इसे खूब सराहना मिली।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top