नोएडा में रफ्तार का कहर: बेकाबू थार ने ई-रिक्शा को रौंदा, 4 लोग गंभीर रूप से घायल

नोएडा में थार गाड़ी से ई-रिक्शा को मारी टक्कर, चार लोग गंभीर रूप से घायल


नोएडा, 23 फरवरी। नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार का एक और मामला सामने आया, जब एक थार गाड़ी ने सड़क पर जा रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा सेक्टर-49 स्थित एक निजी अस्पताल के सामने हुआ।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार कार तेज गति से आ रही थी। अचानक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सामने चल रहे ई-रिक्शा में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर जुट गए और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों की पहचान राजेश, अनूप, राकेश और ओमप्रकाश के रूप में हुई है। चारों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

चिकित्सकों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका गहन इलाज किया जा रहा है। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया। साथ ही, कार चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग पर चिंता जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल और रिहायशी इलाकों के आसपास वाहनों की गति पर सख्त निगरानी होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घायलों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
9,737
Messages
9,774
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top