एम्स्टर्डम, 23 फरवरी। नीदरलैंड को अपना नया प्रधानमंत्री मिल गया है। 38 साल के रॉब जेटन को देश के राजा ने पीएम पद की शपथ दिलाई। जेटन तीन दलों के गठबंधन से बनी अल्पमत सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं।
नीदरलैंड्स ब्रॉडकास्टिंग सर्विस (एनओएस) के अनुसार चार साल में तीसरी बार, नए डच कैबिनेट ने शपथ ली। किंग विलेम-अलेक्जेंडर ने जेटन कैबिनेट को शपथ दिलाई। इसके बाद, अल्पमत कैबिनेट के सदस्य अपने मंत्रालयों में गए और अपना जिम्मा संभाला। परंपरानुसार पुरुष सदस्य राजा के सामने मॉर्निंग कोट पहनकर पहुंचे, और फिर शपथ ग्रहण समारोह के बाद ड्रेस बदल ली।
शपथ ग्रहण समारोह द हेग के ह्यूस टेन बॉश पैलेस में हुआ। इसके तुरंत बाद, नए कैबिनेट ने महल की सीढ़ियों पर राजा के साथ फोटो खिंचवाई।
तीनों गठबंधन पार्टियों के पास 150 सीटों वाले सदन में सिर्फ 66 सीटें हैं। इस वजह से उन्हें कोई भी कानून पास करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ेगी और लगभग हर बिल को पास कराने के लिए विपक्षी सांसदों पर निर्भर रहना पड़ेगा।
बता दें, नीदरलैंड की तीनों सियासी दलों के नेताओं ने चुनावी नतीजों के तीन महीने बाद जनवरी 2026 में एक नए गठबंधन डील पर सहमति जताई थी, जिससे नीदरलैंड्स में चुनावों के लगभग तीन महीने बाद एक अनोखी अल्पमत सरकार बनने का रास्ता साफ हुआ था, जिसमें मध्यमार्गी डी66 पार्टी को जीत मिली थी।
रॉब जेटन लिबरल-प्रोग्रेसिव, यूरोप समर्थक डी66 पार्टी का नेतृत्व करते हैं। उन्होंने रूढ़िवादी क्रिश्चियन डेमोक्रेट्स और राइट-विंग वीवीडी के साथ मिलकर एक ऐसी सरकार बनाई जिसके पास 150 सीटों वाले निचले सदन में सिर्फ 66 सीटें हैं।
नए गठबंधन ने इस्लाम विरोधी गीर्ट वाइल्डर्स के नेतृत्व वाली दक्षिणपंथी फ्रीडम पार्टी (पीवीवी) के सामने चुनौती पेश की थी। डी66 ने अक्टूबर के कड़े चुनाव में बहुत कम अंतर से हराया था। दोनों पार्टियों ने 26 सीटें जीती थीं, हालांकि पीवीवी के सात सांसदों ने बाद में पार्टी छोड़ दी थी।