कंबल विवाद पर आचार्य जौनपुरिया के बचाव में, बोले- भाजपा सरकार में सीता-सलमा दोनों को लाभ

'भाजपा सरकार में योजनाओं का लाभ सीता को मिलता है तो सलमा को भी', सुखवीर जौनपुरिया के बचाव में आए बाल मुकुंद आचार्य


जयपुर, 23 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक बाल मुकुंद आचार्य ने 'कंबल वितरण' विवाद पर पार्टी के पूर्व सांसद सुखवीर सिंह जौनपुरिया का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि यह हिंदू-मुस्लिम का मामला नहीं है। भाजपा सरकार में योजनाओं का लाभ राम को भी मिलता है और रहीम को भी मिलता है। इसी तरह लाभ सीता को मिलता है तो सलमा को भी मिलता है।

विवाद उस समय शुरू हुआ, जब टोंक जिले की निवाई तहसील क्षेत्र में सुखवीर सिंह जौनपुरिया ने कथित तौर पर मुस्लिम महिलाओं को कंबल नहीं दिया। वीडियो में पूर्व सांसद को कहते सुना गया, "जो प्रधानमंत्री को गाली देता है, उसे कंबल लेने का हक ही नहीं है।"

भाजपा विधायक बाल मुकुंद आचार्य ने कहा, "देखिए, इसमें हिंदू और मुस्लिम का विषय नहीं है। भाजपा के कार्यकर्ता होने के नाते मैं भी प्रधानमंत्री मोदी के बारे में अपशब्द नहीं सुन सकता हूं। यहां तक कि देश की करोड़ों-करोड़ों आबादी भी प्रधानमंत्री जी के बारे में अपशब्द नहीं सुनना चाहेगी।"

उन्होंने सवाल किया, "भारत के प्रधानमंत्री को सभी ने मिलकर चुना है, लेकिन अगर कोई प्रधानमंत्री को अपमानित करने का काम करेगा, तो क्या उसकी आरती उतारी जाएगी?"

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बाल मुकुंद ने कहा, "सरकार के ऐतिहासिक कामों को करने के बाद भी राहुल गांधी और उनके कार्यकर्ता एआई समिट में जाकर हंगामा करेंगे, कपड़े उतारेंगे, नंगा नाच करेंगे। देश और दुनिया के लोग जहां हिस्सा ले रहे हैं, वहां वे (कांग्रेस) जाकर देश का नाम खराब करने का प्रयास करेंगे। जो हमारे शत्रु भाव रखने वाले देश हैं, उनमें जाकर भारत की बुराइयां करेंगे, उनसे मित्रता निभाएंगे।"

उन्होंने फिर दोहराया कि यह हिंदू-मुस्लिम का मामला नहीं है। हम बिल्कुल भी तुष्टिकरण और भेदभाव की राजनीति नहीं करते हैं। हम सभी का सामूहिक रूप से विश्वास जीतकर विकास का काम करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार में योजनाओं का लाभ राम को भी मिलता है और रहीम को भी मिलता है। सलमा को भी मिलता है और सीता को भी मिलता है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
9,684
Messages
9,721
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top