नई दिल्ली, 22 फरवरी। नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। भारतीय जनता पार्टी समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल दल यूथ कांग्रेस के इस कृत्य की आलोचना कर रहे हैं। इस बीच रविवार को बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कांग्रेस पर निशाना साधा।
मंत्री दीपक प्रकाश ने पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा, "जिस प्रकार से इंटरनेशनल फोरम में पहले भी कांग्रेस के नेता देश को बदनाम करने के लिए कोई भी मौका चूक नहीं रहे थे, जहां भी मौका मिलता, कांग्रेस ने राजनीतिक फायदे के लिए देश को बदनाम किया है। ऐसा संस्कार अब उनके कार्यकर्ताओं में भी आ गया है। उनके द्वारा बहुत ही शर्मनाक हरकत की गई है।"
उन्होंने कहा, "ऐसा फोरम है, जहां पर देश का सम्मान बढ़ाने के लिए बात करनी चाहिए। लेकिन वहां पर भी जाकर उन्होंने अपनी हरकत से देश के नाम को बदनाम करने की कोशिश की। उनकी हरकत बहुत ही शर्मनाक है, जिसकी जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है।"
उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य पर पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुई एफआईआर को लेकर कहा, "कानून प्रक्रिया है। इस मामले में जज ने कानूनी प्रक्रिया के तहत जो भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है, वह होगी। आरोपों की जांच होगी। जांच के बाद जो भी कुछ सामने आएगा, उस पर कार्रवाई होगी।"
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर बवाल जारी है। जहां एक ओर सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने इसे कांग्रेस की 'देशद्रोही' राजनीति का उदाहरण बताया, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने कहा कि यह किसानों की आवाज उठाने का प्रयास था।
इससे पहले पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे। अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा एआई इम्पैक्ट समिट हुआ। दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए। कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया।'