टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के गेंदबाजों का कहर, श्रीलंका को 51 रनों से धोकर शानदार जीत से किया आगाज

टी20 वर्ल्ड कप: इंग्लैंड ने किया जीत के साथ सुपर-8 का आगाज, श्रीलंका को 51 रनों से हराया


पल्लेकेले, 22 फरवरी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 51 रनों से हराया। रविवार को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड से मिले 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 16.4 ओवर में सिर्फ 95 रन बनाकर सिमट गई।

इंग्लैंड के गेंदबाजों के आगे श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने आसानी से घुटने टेक दिए। टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। श्रीलंका की तरफ से कप्तान दासुन शनाका ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। हालांकि, उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। शनाका के अलावा कामिंदु मेंडिस ने 13 रनों का योगदान दिया, जबकि दुनिथ वेल्लालगे ने 10 रन बनाए।

गेंदबाजी में इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स ने 4 ओवर में सिर्फ 22 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, जोफ्रा आर्चर और लियाम डॉसन ने दो-दो विकेट चटकाए। आदिल रशीद ने भी 3.4 ओवर में महज 13 रन खर्च करते हुए 2 विकेट निकाले। श्रीलंका को हराने के साथ ही इंग्लैंड सुपर-8 के दूसरे ग्रुप में टॉप पर पहुंच गई है।

इससे पहले टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जोस बटलर सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हुए, तो जैकब बेथेल 3 रन बनाकर पवेलियन लौटे। टॉम बैंटन का निराशाजनक प्रदर्शन इस मैच में भी जारी रहा और वह 6 रन बनाकर रनआउट हुए। कप्तान हैरी ब्रूक भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर सके और 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

सैम करन ने 11 रनों का योगदान दिया, जबकि विल जैक्स ने 14 गेंदों में 21 रन बनाए। हालांकि, फिल साल्ट ने एक छोर संभाले रखा और उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 40 गेंदों में 62 रनों की दमदार पारी खेली। साल्ट की पारी के बूते इंग्लैंड 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 146 रन लगाने में सफल रही।

श्रीलंका की तरफ से गेंदबाजी में दुनिथ वेल्लालगे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में महज 26 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, दिलशान मदुशंका और महेश तीक्षणा ने दो-दो विकेट चटकाए।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top