झारखंड: चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद बाबूलाल मरांडी फंसे, आचार संहिता उल्लंघन को लेकर एफआईआर दर्ज, बीजेपी भड़की

झारखंडः नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर आचार संहिता उल्लंघन को लेकर एफआईआर दर्ज


रांची/गिरिडीह, 22 फरवरी। झारखंड के गिरिडीह नगर थाना में नेता प्रतिपक्ष और धनवार से भाजपा विधायक बाबूलाल मरांडी के खिलाफ नगर निकाय चुनाव को लेकर लागू आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने इसे दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई करार देते हुए कहा है कि राज्य की सरकार नगर निकाय चुनाव में सत्ता का दुरुपयोग करने पर आमादा है। यह प्राथमिकी नगर निकाय चुनाव के लिए गठित फ्लाइंग स्क्वाड टीम के सदस्य मोहम्मद मंसूर की शिकायत पर दर्ज की गई।

आरोप है कि 21 फरवरी को शाम पांच बजे नगर निकाय चुनाव का प्रचार समाप्त होने के बाद रात करीब आठ बजे बाबूलाल मरांडी गिरिडीह बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल पहुंचे, जहां उनके समर्थक मौजूद थे। सूचना पर सदर एसडीएम श्रीकांत विस्पुते वहां पहुंचे और उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद एक साथ भीड़ एकत्र नहीं की जा सकती। इसके बाद मरांडी होटल से बाहर निकल गए।

घटना के बाद मरांडी ने पत्रकारों से कहा कि वे भोजन के लिए होटल गए थे और किसी भी नेता के पहुंचने पर समर्थकों का आना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि एसडीएम ने उन्हें कोई निर्देश नहीं दिया और वे स्वयं ही वहां से चले गए।

बहरहाल, इस मामले में आचार संहिता उल्लंघन की एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि निकाय चुनाव में संभावित हार को देखते हुए राज्य सरकार पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को धमकियां मिल रही हैं और प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करने में विफल है। साहू ने निर्वाचन आयोग से पूरे प्रदेश में भयमुक्त और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने की मांग की है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top