भाजपा सांसद शंभू शरण का कांग्रेस पर वार: AI समिट में देश को किया बदनाम, खोखले राष्ट्रवाद का आरोप

भाजपा सांसद शंभू शरण ने कांग्रेस पर लगाया देश की छवि धूमिल करने का आरोप, घुसपैठ पर दिया यह बयान


पटना, 22 फरवरी। भाजपा सांसद शंभू शरण पटेल ने 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' में कांग्रेसियों के विरोध प्रदर्शन, अमित शाह के घुसपैठिए वाले बयान, ममता बनर्जी के भेदभाव के आरोप और बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर प्रधानमंत्री की तेजस्वी यादव द्वारा की गई आलोचना पर प्रतिक्रिया दी है।

भाजपा सांसद शंभू शरण पटेल ने कहा, "कांग्रेसियों ने एआई समिट में देश को बदनाम करने का काम किया है। पूरे दुनिया के लोग इस समिट में आए थे। ऐसे में कुछ कहना था तो एक मंच पर आकर बोल सकते थे, लेकिन जिस तरह टीशर्ट निकालकर प्रदर्शन किया है, वह उनके चाल-चरित्र को दिखाता है। कांग्रेसी खोखली राष्ट्रवाद की बात करते हैं। जहां भी राष्ट्र के सम्मान की बात आती है, सबसे पहले देश का अपमान करते हैं और विरोध करते हैं।

उन्होंने कहा कि कहीं भी कोई समिट होता है तो वह किसी पार्टी का नहीं, पूरे देश का होता है। एआई समिट में कांग्रेस द्वारा किए गए कार्य की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है।

अमित शाह के घुसपैठ मुक्त भारत वाले बयान पर भाजपा सांसद शंभू शरण पटेल ने कहा कि अवैध रूप से रहे घुसपैठियों को वोटर लिस्ट से ही नहीं, बल्कि देश से भगाएंगे। इसके लिए कागजी प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल एक ऐसा राज्य है जिससे पूरे देशवासियों को प्रेम है, खासकर भारतीय जनता पार्टी की रूह पश्चिम बंगाल में बसती है। भाजपा सांसद ने कहा कि ममता बनर्जी इस बार चुनाव हार रही हैं। हारने से पहले उनके मन में जो भी आ रहा है, वह बोल रही हैं।

बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर तेजस्वी यादव द्वारा प्रधानमंत्री की आलोचना पर शंभू शरण ने कहा कि एनडीए की सरकार कभी भी लॉ एंड आर्डर के साथ समझौता नहीं करती। जो अपराध करेंगे, उनको भुगतना पड़ेगा। आरजेडी के राज में जंगल राज था, अराजकता थी। हाईकोर्ट को भी कहना पड़ता था कि बिहार में जंगल राज है। बिहार में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार कानून और व्यवस्था के कारण ही है, यही हमारी प्राथमिकता है।

आईएएनएस

ओमप्रकाश/वीसी
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top