आज भारत 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान देने वाली ताकत : पीएम मोदी

आज भारत 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान देने वाली ताकत : पीएम मोदी


मेरठ, 22 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मेरठ में रविवार को विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए देश को आधुनिक कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे का नया तोहफा दिया। इस अवसर पर पहली बार एक ही मंच से नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का एक साथ शुभारंभ किया गया, जिसे विकसित भारत की आधुनिक परिवहन व्यवस्था की झलक बताया गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि शहर के भीतर आवागमन के लिए मेट्रो और ट्विन सिटी विजन को गति देने के लिए नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेन बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि इस तरह की उन्नत परियोजना उत्तर प्रदेश में साकार हुई है।

उन्होंने कहा कि सरकार की कार्य संस्कृति ऐसी है कि जिस परियोजना का शिलान्यास किया जाता है, उसे पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत की जाती है। यही कारण है कि अब परियोजनाएं पहले की तरह लटकती या भटकती नहीं हैं, बल्कि तय समय पर पूरी हो रही हैं।

प्रधानमंत्री ने पुराने समय का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इस पूरे रूट पर शाम होते ही सन्नाटा छा जाता था और डर का माहौल रहता था। अब एक ओर कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, तो दूसरी ओर लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का आधुनिक माध्यम मिला है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि नमो भारत रैपिड रेल नारीशक्ति के सामर्थ्य का भी प्रतीक बनकर उभरी है। ट्रेन संचालन से लेकर स्टेशन नियंत्रण तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां बेटियां संभाल रही हैं और नेतृत्व कर रही हैं।

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत आज मेट्रो नेटवर्क के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश बन चुका है। उत्तर प्रदेश में मेरठ के अलावा कई अन्य शहरों में भी मेट्रो परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। पिछले 11 वर्षों में देश के दर्जनों शहरों तक मेट्रो पहुंची है, क्योंकि सरकार का लक्ष्य जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारें थीं, तब इस तरह की परियोजनाएं संभव नहीं हो पाती थीं। उस समय बुनियादी ढांचे की योजनाएं घोटालों में उलझ जाती थीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने घोटालों पर रोक लगाकर देश को आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ाया है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि सरायकाले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद और मेरठ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भारतीय रेल, मेट्रो और बस अड्डों को आपस में जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि यह देश में पहली बार हो रहा है, जब एक ही स्टेशन और एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो रेल संचालित होंगी। इसका लाभ यह होगा कि यात्री एक ही प्लेटफॉर्म से शहर के भीतर भी यात्रा कर सकेंगे और उसी स्टेशन से सीधे दिल्ली आ-जा सकेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक परिप्रेक्ष्य में भारत की बढ़ती भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के विकसित देश भारत के साथ व्यापारिक समझौते करने के लिए उत्सुक हैं। विकसित देशों को भारत के विकास में अपना भविष्य दिखाई देता है और भारतीय युवाशक्ति में उन्हें अपार संभावनाएं नजर आती हैं।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत को 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान देने वाली ताकत के रूप में देख रही है। आधुनिक कनेक्टिविटी, मजबूत बुनियादी ढांचा और तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्था भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दे रही है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
9,344
Messages
9,379
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top