AI समिट में राहुल गांधी और सहयोगियों ने देश को किया शर्मसार: राजीव रंजन बोले- प्रतिष्ठा को ठेस

राहुल गांधी और उनके सहयोगियों के व्यवहार से देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है : राजीव रंजन


पटना, 21 फरवरी। इंडिया एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन पर जदयू नेताओं ने कांग्रेस को घेरा। जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि कांग्रेस के इस व्यवहार ने पूरे देश को शर्मिंदा किया है।

उन्होंने आईएएनएस से कहा कि भारत आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक के क्षेत्र में तेजी से उभरती हुई वैश्विक ताकत बन रहा है। ऐसे समय में जब भारत अंतरराष्ट्रीय तकनीकी साझेदारियों में हिस्सा ले रहा है और बड़े स्तर के आयोजन कर रहा है, तब विरोध प्रदर्शन देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनके सहयोगियों के व्यवहार से देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।

वहीं जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी विरोध प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि नई तकनीकों का विरोध करने का कोई औचित्य नहीं है। यदि देश की युवा पीढ़ी आधुनिक तकनीक से दूरी बनाएगी तो वैश्विक प्रतिस्पर्धा में पीछे रह जाएगी। उन्होंने याद दिलाया कि जब देश में पहली बार कंप्यूटर आए थे, तब भी राजनीतिक विरोध हुआ था और रोजगार छीनने की आशंका जताई गई थी, लेकिन समय के साथ तकनीक ने नए अवसर भी पैदा किए।

इस बीच अमेरिका में टैरिफ नीति को लेकर आए फैसले पर भी जदयू नेताओं ने प्रतिक्रिया दी। राजीव रंजन ने बताया कि पहले एक संघीय अदालत ने अमेरिकी प्रशासन के टैरिफ फैसले को गलत ठहराया था, जिसके बाद अमेरिकी सरकार ने अपील की थी। अब अमेरिका की सर्वोच्च अदालत ने भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ लगाने के अधिकार को गलत बताते हुए उन्हें अवैध घोषित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि जिन देशों के निर्यातकों ने इन टैरिफ के कारण अधिक शुल्क चुकाया था, उनके लिए यह फैसला बेहद राहत भरा है, क्योंकि अदालत ने अतिरिक्त वसूली गई राशि वापस करने का आदेश दिया है।

वहीं नीरज कुमार ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अमेरिकी टैरिफ से जुड़ा मामला औपचारिक रूप से अमेरिका का आंतरिक विषय है और इसे उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,977
Messages
9,009
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top