ग्रेटर नोएडा: सीएम योगी के सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट से पहले भाकियू का युवाओं से आह्वान, शांति बनाए रखें, रोजगार पर नजर

ग्रेटर नोएडा: सीएम योगी के कार्यक्रम से पहले भाकियू ने युवाओं और कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील


ग्रेटर नोएडा, 20 फरवरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जेवर क्षेत्र में सेमीकंडक्टर इकाई की स्थापना का शिलान्यास किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम से पहले भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने बयान जारी कर युवाओं से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री योगी के कार्यक्रम में किसी भी प्रकार का विघ्न या विरोध प्रदर्शन न किया जाए, क्योंकि यह परियोजना क्षेत्र के विकास और रोजगार के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती है।

गौरतलब है कि यह परियोजना बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के समीप स्थापित की जा रही है, जिससे स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलने की उम्मीद है।

भाकियू नेता पवन खटाना ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट और उससे जुड़ी परियोजनाओं के कारण जिन युवाओं का रोजगार प्रभावित हुआ है, उनके हितों की रक्षा करना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं से हाथ जोड़कर निवेदन किया कि वे किसी भी ऐसी गतिविधि से दूर रहें जिससे उनके भविष्य और रोजगार के अवसरों पर नकारात्मक प्रभाव पड़े। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन मिलकर प्रयास करेगा ताकि प्रभावित युवाओं को जेवर एयरपोर्ट अथॉरिटी में ही रोजगार सुनिश्चित कराया जा सके।

पवन खटाना ने आगे कहा कि यह रोजगार युवाओं का अधिकार है और इसे दिलाने के लिए संगठन प्रतिबद्ध है। ऐसे में किसी प्रकार का टकराव या अव्यवस्था न केवल कार्यक्रम की गरिमा को प्रभावित करेगी, बल्कि युवाओं के हितों को भी नुकसान पहुंचा सकती है।

उन्होंने सभी से संयम और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यह समय क्षेत्र के विकास में सहयोग देने का है। भाकियू की ओर से मुख्यमंत्री और शासन-प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया गया।

संगठन ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में इतनी बड़ी औद्योगिक परियोजना की स्थापना से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे। इस बयान के बाद माना जा रहा है कि कल होने वाले कार्यक्रम को लेकर प्रशासन भी सतर्क है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,846
Messages
8,878
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top