CM योगी का ग्रेटर नोएडा दौरा: ट्रैफिक जाम से बचने के लिए अभी जानें एडवाइजरी, बदलेंगे ये रास्ते

ग्रेटर नोएडा: सीएम योगी के कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी


ग्रेटर नोएडा, 20 फरवरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को ग्रेटर नोएडा पहुंच रहे हैं और उनके आगमन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इस कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने भी यातायात एडवाइजरी जारी की है।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के मुताबिक, शनिवार को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-28 में एचसीएल ग्रुप और फॉक्सकॉन के संयुक्त उपक्रम “इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड” के कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में विशिष्ट और अतिविशिष्ट महानुभावों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस गौतमबुद्धनगर ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

कार्यक्रम के दौरान नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे, यमुना एक्सप्रेस-वे और आसपास के मार्गों पर यातायात का विशेष प्रबंधन और आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात पुलिस के अनुसार, दिल्ली के चिल्ला और डीएनडी बॉर्डर से आने वाले आमंत्रित विशिष्ट अतिथि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से जीरो प्वाइंट होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे पर फलैदा कट (26 किमी) से उतरकर सेक्टर-28 स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। उनके वाहनों की पार्किंग मंच के दाहिने ओर बनाई गई वीआईपी पार्किंग में होगी। एचसीएल और शिव नादर स्कूल की बसें भी इसी मार्ग से फलैदा कट से उतरकर निर्धारित रूट से पानी की टंकी के पास खाली बंद मार्ग पर खड़ी की जाएंगी।

कार्यक्रम समाप्ति के बाद बसों को रबूपुरा-दनकौर सर्विस मार्ग होते हुए गलगोटिया यूनिवर्सिटी और गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के रास्ते गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। मीडिया कर्मियों और एचसीएल के पासधारक वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे से फलैदा कट उतरकर तीर्थली डबल सर्विस रोड से होते हुए निर्धारित मीडिया पार्किंग में पहुंचेंगे। वहीं ककोड़, झाझर, जहांगीरपुर, जेवर, दयानतपुर, नगला हांडा और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और सामान्य पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा, शनिवार सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक दिल्ली सीमा (चिल्ला, डीएनडी, कालिंदी कुंज) से गौतमबुद्धनगर में भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को एनएच-9, एनएच-91 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के जरिए वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा। आगरा की ओर से आने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर जेवर टोल से पहले डायवर्ट किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को निर्बाध रूप से निकाला जाएगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और किसी भी ट्रैफिक समस्या की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क करें।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top