पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के अंतरिम अध्यक्ष ने अम्माद शकील बट को दी राहत, दो साल का प्रतिबंध हटा

पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के अंतरिम अध्यक्ष ने अम्माद शकील बट को दी राहत, दो साल का प्रतिबंध हटा


नई दिल्ली, 10 फरवरी। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (पीएचएफ) के नवनियुक्त अंतरिम अध्यक्ष मोहिउद्दीन अहमद वानी ने राष्ट्रीय टीम के कप्तान अम्माद शकील बट पर लगा दो साल का प्रतिबंध हटा दिया है।

ऑस्ट्रेलिया के होबार्ट में एफआईएच प्रो लीग के दूसरे लेग में राष्ट्रीय हॉकी टीम के हिस्सा लेने के दौरान कुप्रबंधन के आरोपों के बीच, पीएचएफ के तत्कालीन अध्यक्ष तारिक हुसैन बुगती ने कप्तान अम्माद बट पर दो साल का प्रतिबंध लगाने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

गुरुवार को, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुगती का इस्तीफा स्वीकार कर लिया और मिनिस्ट्री ऑफ इंटर-प्रोविंशियल कोऑर्डिनेशन (आईपीसी) के संघीय सचिव मोहिउद्दीन अहमद वानी को फेडरेशन का एड-हॉक अध्यक्ष नियुक्त किया।

यह घटनाक्रम पाकिस्तान की नेशनल टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान खिलाड़ियों के रहने और खाने-पीने की सुविधा से जुड़े कुप्रबंधन को लेकर हुआ है। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान हॉकी टीम के खिलाड़ियों को कई घंटे सड़क पर बिताने पड़े थे और अपना नाश्ता खुद बनाना पड़ा था।

हालांकि, पाकिस्तान के कप्तान अम्माद बट ने पहले एक वीडियो बयान में उन दावों को गलत बताया था कि टीम को बिना किसी होटल में रहने की जगह के छोड़ दिया गया था या सड़कों पर रहने के लिए मजबूर किया गया था, लेकिन बाद में मीडिया के सामने उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में हुई परेशानी का जिक्र किया था।

डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को पीएचएफ के अंतरिम अध्यक्ष वानी ने बट पर लगे प्रतिबंध को हटाने की घोषणा करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में सभी फैसले बिना किसी पक्षपात के लिए जाएंगे।

पाकिस्तान अब तक अपनी सभी एफआईएच प्रो लीग हार चुका है। टीम अपने प्रदर्शन की वजह से आलोचना की शिकार है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि बुगती के इस्तीफे के बाद, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने अम्माद बट समेत हॉकी खिलाड़ियों से मुलाकात की।

बट ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि नकवी ने उन्हें बताया कि कोई प्रतिबंध नहीं है और वही टीम मिस्र जाएगी जिसने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top