झारखंड में साइबर ठगों पर पुलिस की धाकड़ कार्रवाई! उत्तरी छोटानागपुर से 57 गिरफ्तार, नेटवर्क ध्वस्त

झारखंड के उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 57 गिरफ्तार


रांची, 20 फरवरी। झारखंड के उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र में साइबर अपराध के विरुद्ध पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 57 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आईजी सुनील भास्कर के निर्देश पर प्रक्षेत्र के विभिन्न जिलों में की गई, जहां पुलिस के 'प्रतिबिंब' ऐप के माध्यम से चिन्हित संदिग्ध मोबाइल नंबरों का सत्यापन किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एक अक्टूबर 2025 से 16 फरवरी 2026 के बीच संदिग्ध नंबरों की गहन जांच के बाद कुल 15 साइबर कांड दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी कॉल, बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी ठगी और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से संबंधित धोखाधड़ी में संलिप्त थे। कई आरोपी अलग-अलग जिलों में बैठकर संगठित तरीके से साइबर ठगी के नेटवर्क का संचालन कर रहे थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए। जब्त सामानों में 132 मोबाइल फोन, 168 सिम कार्ड, 31 एटीएम कार्ड, 7 बैंक पासबुक, 3 बैंक चेकबुक और 23 रजिस्टर व कॉपियां शामिल हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप चैट का डेटा भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

कार्रवाई के क्रम में 4 लाख 67 हजार रुपए नकद भी बरामद किए गए। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि कुछ आरोपी फर्जी या दूसरों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंक खाते और सिम कार्ड संचालित कर रहे थे। बरामद दस्तावेजों में 3 आधार कार्ड, 8 पैन कार्ड, 1 श्रम कार्ड, 1 वोटर आईडी कार्ड और 1 ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं। पुलिस ने गिरोह के पास से 3 चारपहिया और 7 दोपहिया वाहन भी जब्त किए हैं।

बताया गया कि ऐप के जरिए संदिग्ध मोबाइल नंबरों की ट्रैकिंग और सत्यापन में तकनीकी सहायता मिली, जिसके कारण कम समय में बड़ी संख्या में अपराधियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी को साझा न करें और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top