रणजी फाइनल से पहले शमी का जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों को 'जीत का मूल मंत्र': 22 गज नहीं, स्टंप्स पर फोकस

'22 गज को छोड़ो, सिर्फ स्टंप्स पर फोकस करो', शमी ने दी जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों को सलाह


नई दिल्ली, 20 फरवरी। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाजों को रणजी ट्रॉफी के फाइनल मैच से पहले अहम सलाह दी है। सेमीफाइनल में बंगाल को हराकर जम्मू-कश्मीर ने पहली बार खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई है।

बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें शमी जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों को फाइनल मैच के लिए सलाह देते हुए नजर आ रहे हैं। शमी ने वीडियो में कहा, "स्विंग, लेंथ, तेज गेंद कैसे डालनी है और कौन सी बॉल फेंकनी है, यह सब कुछ भूल जाओ। 22 गज की पिच को भूल जाओ और सिर्फ स्टंप पर फोकस करो। इसके अलावा बाकी सभी चीजों को छोड़ दो। कहां क्या हो रहा है इसकी चिंता मत करो।"

शमी वीडियो में खासतौर पर आकिब नबी डार के साथ बातचीत करते हुए दिखाई दिए। जम्मू-कश्मीर को पहली बार फाइनल तक पहुंचाने में आकिब नबी का रोल काफी अहम रहा है। बंगाल के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मैच में आकिब ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच में कुल 9 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं, क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश के खिलाफ भी आकिब ने 12 विकेट निकाले थे।

सेमीफाइनल मैच में बंगाल ने पहली पारी में 328 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए थे, जिसके जवाब में जम्मू-कश्मीर ने 302 रन बनाए थे। टीम की तरफ से अब्दुल समद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 82 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, कप्तान पारस डोगरा ने 58 रनों का योगदान दिया था।

हालांकि, दूसरी पारी में आकिब नबी और सुनील कुमार की जोड़ी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए बंगाल की पूरी टीम को महज 99 रनों पर समेट दिया था। आकिब और सुनील ने चार-चार विकेट चटकाए थे। जम्मू-कश्मीर ने 126 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। टीम की ओर से वंशज शर्मा 43 रन बनाकर नाबाद रहे थे, तो अब्दुल समद ने 27 गेंदों में 30 रन बनाए थे।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,794
Messages
8,826
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top