भारत ने एआई समिट में दुनिया को दिखाया अपना शानदार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विजन: एन. चंद्रशेखरन

एआई समिट शानदार रही, भारत ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर दुनिया को दिखाया अपना विजन : एन. चंद्रशेखरन


नई दिल्ली, 20 फरवरी। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' शानदार रही है। इसमें भारत ने दुनिया को दिखाया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर उसका क्या विजन है और वह इसे आगे ले जाने के लिए क्या कर सकता है।

राष्ट्रीय राजधानी में समिट के साइडलाइन में आईएएनएस से बातचीत करते हुए टाटा संस के चेयरमैन ने कहा कि इस आयोजन ने देश की एआई से संबंधित सभी योजनाओं को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान किया।

इससे पहले, समिट में ओपनएआई ने टाटा समूह के साथ मिलकर स्थानीय स्तर पर एआई-आधारित डेटा सेंटर विकसित करने के लिए साझेदारी की, जिसे डेटा रेजिडेंसी, सुरक्षा और दीर्घकालिक घरेलू क्षमता के लिए डिजाइन किया गया है।

चंद्रशेखरन ने कहा, "मुझे लगता है कि यह एक शानदार समिट है जहां हम अपनी सभी पहलों और योजनाओं को वैश्विक स्तर पर सभी महत्वपूर्ण नेताओं और सभी राजनीतिक नेताओं को एक साथ प्रदर्शित करने में सक्षम हैं।"

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के हाइपरवॉल्ट डेटा सेंटर कारोबार की पहला ग्राहक ओपनएआई होगी। इसकी शुरुआत 100 मेगावाट क्षमता से होगी और समय के साथ इसे बढ़ाकर 1 गीगावाट तक किया जा सकेगा।

यह बुनियादी ढांचा ओपनएआई के सबसे उन्नत मॉडलों को भारत में सुरक्षित रूप से चलाने में सक्षम बनाएगा, जिससे डेटा रेजिडेंसी, सुरक्षा और अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करते हुए कम देरी सुनिश्चित होगी। यह महत्वपूर्ण और सरकारी कार्यों के लिए उपयुक्त है।

चंद्रशेखरन ने कहा,"ओपनएआई और टाटा समूह के बीच यह रणनीतिक सहयोग, भारत के एआई क्षेत्र में वैश्विक अग्रणी बनने के लक्ष्य में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। भारत में अत्याधुनिक एआई अवसंरचना स्थापित करने के लिए ओपनएआई के साथ साझेदारी करके हमें बेहद खुशी है।"

उन्होंने आगे कहा, "यह ओपनएआई और टीसीएस के लिए उद्योगों को बदलने का एक अनूठा अवसर है और साथ मिलकर, हम भारत के युवाओं को कुशल बनाएंगे और उन्हें एआई युग में सफल होने के लिए सशक्त बनाएंगे।"

टाटा समूह अगले कुछ वर्षों में अपने कर्मचारियों के बीच चैटजीपीटी एंटरप्राइज को लागू करने की योजना बना रहा है, जिसकी शुरुआत टीसीएस के लाखों कर्मचारियों से होगी। इसके साथ ही यह दुनिया के सबसे बड़े एंटरप्राइज एआई डिप्लॉयमेंट में से एक बन जाएगा।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top