सीबीएसई बोर्ड: शुरू हुई 12वीं साइंस की अग्निपरीक्षा, आज फिजिक्स का इम्तिहान; 10वीं के छात्र भी जुटे

सीबीएसई बोर्ड, सांइस की मुख्य परीक्षाएं शुरू, आज फिजिक्स का इम्तिहान


नई दिल्ली, 20 फरवरी। देश विदेश में सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 12वीं सांइस स्ट्रीम की प्रमुख परीक्षाएं आज यानी 20 फरवरी से शुरू हो गईं। शुक्रवार को 12वीं के विद्यार्थी फिजिक्स विषय की परीक्षा दे रहे हैं। इसके कुछ दिन बाद केमिस्ट्री और बायोलॉजी की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

वहीं शुक्रवार को 10वीं बोर्ड के छात्र भी परीक्षा दे रहे हैं। 10वीं कक्षा के छात्र डेटा साइंस, ब्यूटी एंड वेलनेस तथा मार्केटिंग जैसे विषयों की परीक्षा में शामिल हुए। सीबीएसई की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से एक साथ आरंभ हुई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजकर 30 मिनट से परीक्षा शुरू हुई।

बोर्ड की ओर से मिली जानकारी के अनुसार अब तक सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रही है। किसी भी केंद्र से तनाव या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। शुक्रवार को परीक्षा केंद्र पर पहुंचे 12वीं कक्षा के छात्र मयंक शर्मा ने बताया कि वह विज्ञान वर्ग के छात्र हैं और आज उनकी पहली मुख्य परीक्षा है। उन्होंने कहा कि उन्हें परीक्षा को लेकर किसी प्रकार का डर नहीं है, बल्कि वे आगे की पढ़ाई को लेकर उत्साहित हैं। मयंक ने विश्वास जताया कि वे बेहतर प्रदर्शन करेंगे और भविष्य में वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना चाहते हैं।

गौरतलब है कि यह परीक्षाएं भारत सहित कुल 26 देशों में आयोजित की जा रही हैं, जो सीबीएसई की वैश्विक उपस्थिति को दर्शाती हैं। इस वर्ष सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में लगभग 43 लाख 67 हजार 870 विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। इनमें 25 लाख से अधिक छात्र 10वीं कक्षा की परीक्षा दे रहे हैं, जबकि 12वीं कक्षा में 18 लाख 59 हजार 551 छात्र पंजीकृत हैं। इस वर्ष सीबीएसई ने परीक्षा प्रणाली में कई महत्वपूर्ण सुधार लागू किए हैं।

बोर्ड ने परीक्षा सुधार के नए चरण में प्रवेश करते हुए कक्षा 10 के लिए वर्ष में दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित करने की व्यवस्था शुरू की है। विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों की मूल्यांकन प्रक्रिया में विषय-विशेषज्ञों की भूमिका को सुदृढ़ किया गया है। वहीं कक्षा 12 के लिए डिजिटल ऑन-स्क्रीन मूल्यांकन प्रणाली लागू की गई है, जिससे पारदर्शिता और अंकन की शुद्धता बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। बोर्ड परीक्षा के पहले दिन 10वीं कक्षा के छात्रों ने गणित विषय की परीक्षा दी थी, जबकि 12वीं के विद्यार्थियों ने जैव प्रौद्योगिकी विषय का पेपर दिया।

19 फरवरी को 12वीं के छात्रों की इंजीनियरिंग ग्राफिक्स, नृत्य रूप तथा बागवानी विषय की परीक्षा आयोजित हुई। आज 20 फरवरी को विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भौतिकी की महत्वपूर्ण परीक्षा है। बोर्ड के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान एकाग्रता बनाए रखने के लिए सरल योग अभ्यास अपनाने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के अनुसार वृक्षासन, गहरी श्वास अभ्यास और बैठकर आगे झुकने का अभ्यास जैसे आसान योगासन तनाव कम करने और ध्यान केंद्रित रखने में सहायक हो सकते हैं।

सीबीएसई बोर्ड के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। विद्यार्थियों और अभिभावकों से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है, ताकि परीक्षाएं सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,668
Messages
8,700
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top