शहजाद पूनावाला का हमला: उसूलों को छोड़ उद्धव सेना बनी 'सोनिया सेना', गंवा बैठी जनता का समर्थन और ताकत

उसूलों को छोड़ने से शिवसेना (यूबीटी) के लिए जनता का समर्थन और ताकत कम हुआ : शहजाद पूनावाला


पुणे, 19 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने गुरुवार को आईएएनएस से बात करते हुए विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) पर निशाना साधते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे की पार्टी ने बहुत कुछ खो दिया है।

पूनावाला ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "उद्धव की सेना ने पहले पार्टी छीनी, उसके बाद उनके उसूलों को छोड़ दिया। बालासाहेब ठाकरे के आदर्श, सावरकर की विरासत, हिंदुत्व और राम मंदिर मुद्दे को त्याग दिया। अब उनका असर कम होने और सोनिया सेना के कब्जे में आने से उनके पास कोई नंबर नहीं बचा। जब नंबर खत्म हो जाएंगे, तो राज्यसभा में किसे भेजा जा सकता है? इससे साबित होता है कि उसूलों को छोड़ने से जनता का समर्थन और ताकत कम हो जाती है।"

पूनावाला ने दिल्ली में आयोजित वैश्विक एआई समिट की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा एआई सम्मेलन था, जिसकी मेजबानी भारत ने की। उन्होंने कहा, "20 से अधिक देशों के प्रमुखों, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव तक, ब्राजील के नेताओं और दुनिया के सभी बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया। सैकड़ों टेक कंपनियां, एग्जिबिटर्स और स्टार्टअप्स ने भाग लिया। 3 लाख रजिस्ट्रेशन हुए और लाखों लोगों की भागीदारी से यह भारत की एआई सुपरपावर बनने की क्षमता, महत्वाकांक्षा और आकांक्षा का प्रदर्शन था। प्रधानमंत्री ने सही कहा कि भारत का एआई विजन लोकतांत्रिक है।"

केरल स्टोरी फिल्म पर बोलते हुए पूनावाला ने कहा कि यह लव जिहाद की सच्चाई पर आधारित है, जो महिलाओं के शोषण को उजागर करती है। उन्होंने कहा, "फिल्म का दूसरा भाग रिलीज हो रहा है। यह अपनी प्रासंगिकता के कारण पसंद की जा रही है। लेकिन जो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दावा करते हैं, किताबों और फिल्मों पर बैन के खिलाफ बोलते हैं, वे इसका विरोध कर रहे हैं क्योंकि यह एक खास कट्टरपंथी विचारधारा को सामने लाती है।"

पुणे में जमीयत उलेमा-ए-हिंद के प्रमुख मौलाना अरशद मदनी के बयान पर हमला बोलते हुए पूनावाला ने कहा, "अरशद मदनी दूसरों को नफरत फैलाने वाले संगठनों पर सलाह देते हैं, लेकिन खुद पुलिस की बुराई करते हैं। जिन्होंने सबसे ज्यादा नफरत फैलाई, वंदे मातरम का विरोध किया और आतंकवादियों को बचाते हैं। दिल्ली ब्लास्ट के दोषियों को भी बेगुनाह और भटके नौजवान कहते हैं। वे धर्म के नाम पर आतंकवादियों को बचाते हैं।"

पूनावाला ने अबू आजमी पर निशाना साधते हुए कहा, "महाराष्ट्र में अबू आजमी कितना भी चाहें, यहां इस्लामिक स्टेट नहीं बनेगा। यह संविधान से चलने वाला देश है। यह छत्रपति शिवाजी महाराज और वीर सावरकर की धरती है।"
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,712
Messages
16,749
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top