पत्रलेखा का जन्मदिन: पिता चाहते थे CA बने बेटी, विज्ञापन से हुई फिल्मी सफर की शुरुआत, 'मालिक' की हैं पत्नी

बर्थडे स्पेशल: इस एक्ट्रेस के पिता चाहते थे कि बेटी सीए बने, विज्ञापन से की करियर की शुरुआत, 'मालिक' की हैं पत्नी


मुंबई, 19 फरवरी। फिल्म इंडस्ट्री में आने का सफर आसान नहीं होता, लेकिन एक्टर बनने और सपने सच करने का जुनून हो तो इस संघर्ष को भी पार किया जा सकता है। नॉन फिल्मी बैकग्राउंड से ताल्लुक रखने वाली अभिनेत्री पत्रलेखा का सफर भी आसान नहीं रहा। कहा जा सकता है कि वह इसका बेहतरीन उदाहरण हैं। पत्रलेखा का 20 फरवरी को जन्मदिन है।

शिलांग में जन्मीं पत्रलेखा के पिता चाहते थे कि वे चार्टर्ड अकाउंटेंट बनें, लेकिन उनका मन अभिनय में लगा। फिर क्या था, सपनों को पूरा करने के लिए वह मुंबई आ गईं और संघर्ष के बाद विज्ञापनों से शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने 'सिटीलाइट्स' जैसी फिल्मों से नाम कमाया।

साल 1989 में मेघालय के शिलांग में जन्मी पत्रलेखा एक बंगाली कायस्थ परिवार से हैं। उनके पिता एक चार्टर्ड अकाउंटेंट रहे और वे चाहते थे कि बेटी भी उनके ही करियर को अपनाए और बने, लेकिन पत्रलेखा का दिल बचपन से ही अभिनय और कला की ओर था। उन्होंने अपने सपनों को पूरा करने के लिए मुंबई का रुख किया। शुरुआती दिनों में पत्रलेखा ने टीवी विज्ञापनों से करियर की शुरुआत की।

उनकी दादी, जो एक प्रसिद्ध कवयित्री थीं, ने उन्हें 'पत्रलेखा' नाम दिया, जिसे उन्होंने अपनी प्रोफेशनल पहचान बनाया। शिक्षा के दौरान उन्होंने बैंगलोर के असम वैली स्कूल और बिशप कॉटन गर्ल्स स्कूल से पढ़ाई की।

कम ही लोग जानते हैं कि पत्रलेखा अभिनेत्री के साथ ही भरतनाट्यम में प्रशिक्षण प्राप्त नृत्यांगना भी हैं। यही नहीं, वह कुशल तैराक, बास्केटबॉल खिलाड़ी और घुड़सवारी भी करती हैं।

एक्टिंग करियर की बात करें तो तमाम संघर्षों के बाद उन्हें बड़े पर्दे पर मौका मिला। साल 2014 में हंसल मेहता के निर्देशन में बनी फिल्म 'सिटीलाइट्स' में राजकुमार राव के साथ वह लीड रोल में नजर आईं। इस फिल्म में उन्होंने गरीब परिवार की लड़की का किरदार बखूबी निभाया, जिसका नाम राखी सिंह रहता है। पत्रलेखा को पहली फिल्म में ही बेहतरीन अभिनय के लिए 'मोस्ट प्रॉमिसिंग न्यूकमर फीमेल' का स्टार स्क्रीन अवार्ड मिला।

इस फिल्म से पत्रलेखा को पहचान मिली और राजकुमार राव के साथ उनकी जोड़ी को खूब पसंद किया गया। इसके बाद पत्रलेखा ने कई फिल्मों में काम किया। साल 2016 में वह 'लव गेम्स', साल 2018 में 'नानू की जानू', साल 2019 में 'बदनाम गली' और अन्य प्रोजेक्ट्स में नजर आईं। साल 2025 में आई 'फुले' में वह नजर आईं, जो समाज सुधारक ज्योतिराव फुले और सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित है।

इस फिल्म का निर्देशन अनंत महादेवन ने किया है, और इसे डांसिंग शिवा फिल्म्स, किंग्समेन प्रोडक्शंस तथा जी स्टूडियोज ने बनाया है। पत्रलेखा के साथ इस फिल्म में प्रतीक गांधी लीड रोल में हैं। फिल्म में शानदार एक्टिंग के लिए उन्हें खूब पसंद किया गया।

विज्ञापन और फिल्म के साथ ही पत्रलेखा ओटीटी पर भी काम कर चुकी हैं। उन्होंने वेब सीरीज में भी अपनी छाप छोड़ी, जैसे 'बोस: डेड/अलाइव', 'आईसी 814: द कंधार हाईजैक' और फिल्म 'वाइल्ड वाइल्ड पंजाब'।

पत्रलेखा ने 'मालिक' फेम राजकुमार राव से शादी की है। उनकी प्रेम कहानी भी काफी चर्चित रही है। 11 साल की रिलेशनशिप के बाद, साल 2021 में, दोनों शादी के बंधन में बंध गए। जानकारी के अनुसार, राजकुमार राव ने पत्रलेखा को पहली बार एक विज्ञापन में देखा था, और उन्हें वह भा गई थीं। इसके बाद दोनों की दोस्ती हुई, और 11 साल एक-दूजे को समझने के बाद जिंदगी भर साथ रहने की कसमें खाई।

शादी के बाद दोनों ने 2025 में अपना प्रोडक्शन हाउस 'केंपा फिल्म्स' लॉन्च किया, जिसका नाम उनकी माताओं के नाम के पहले अक्षरों से लिया गया है। दोनों को एक बेटी है, जिसका नाम पार्वती पॉल राव रखा गया। पत्रलेखा अब परिवार के साथ एक्टिंग करियर को साथ-साथ चला रही हैं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top